पटना, 25 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने संविधान हत्या दिवस, जेपी नड्डा का पटना दौरा और भरत तिवारी एनकाउंटर पर प्रतिक्रियाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन इतिहास में काला अध्याय है क्योंकि इसी दिन आपाताकल लोगों पर जबरदस्ती थोपा गया था।
संविधान हत्या दिवस पर रामकृपाल यादव ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, आज का दिन इतिहास में काला दिन है। इसी दिन कांग्रेस पार्टी की इंदिरा गांधी ने सारी मर्यादाओं को लांघकर और जबरदस्ती आपातकाल लागू कर लोगों के लोकतांत्रिक हक को छीन लिया था। इसलिए आज पूरा देश भाजपा के नेतृत्व में काला दिवस मना रहा है। पटना के ज्ञानभवन में भी काला दिवस मनाया जा रहा है, जिसमें जेपी नड्डा भी शामिल होंगे।
जेपी नड्डा के दौरे को लेकर राम कृपाल ने कहा, “स्वास्थ्य मंत्री नड्डा कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जेपी नड्डा का पटना से खास लगाव रहा है क्योंकि उनका जन्म यहां हुआ और पढ़ाई भी यहीं से की। इसके बाद अपने प्रदेश हिमाचल गए और अपने आपको स्थापित किया।”
भरत तिवारी एनकाउंटर पर बिहार के मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट बैठक इस मामले की न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया है। अब न्यायिक जांच होगा और जो लोग भी इस मामले में संलिप्त होंगे, उन्हें सजा मिलेगी।”
तेजस्वी यादव के फेक एनकाउंटर वाले बयान पर रामकृपाल ने कहा, “तेजस्वी यादव की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। वह प्रतिपक्ष में हैं, तो कुछ न कुछ बोलेंगे ही। हमारी सरकार में कानून व्यवस्था दुरुस्त है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज स्थापित हो रहा है। जो अपराध करेंगे, वह ऊपर जाएंगे। जो अपराध करेगा, पुलिस को चुनौती देगा, उसको कड़ी सजा मिलेगी। कानून का राज स्थापित था, है और आगे भी रहेगा।
इसके पहले मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा था कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सरकार तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है और न्यायिक जांच के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया एसडीपीओ और थानेदार की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

