‘आज तमिलनाडु और बंगाल का भाग्य पलटने का दिन’, मतदान के बीच प्रवीण खंडेलवाल ने किया भाजपा की जीत का दावा

0
3

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने गुरुवार को कहा कि आज तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का भाग्य पलटने का दिन है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में निश्चित रूप से टीएमसी सरकार को जनता पटखनी देगी और भाजपा की विराट बहुमत से सरकार बनेगी।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने पश्चिम बंगाल के पहले चरण और तमिलनाडु के सभी क्षेत्रों के लोगों से आग्रह है कि वे अपने घरों से निकलें और मतदान करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा, “पिछले 5 साल में ममता बनर्जी ने सिर्फ एक वर्ग को ध्यान में रखकर ‘कुशासन’ चलाया, उससे पश्चिम बंगाल की जनता में आक्रोश है। चुनाव के जरिए जनता उस आक्रोश का बदला टीएमसी से लेगी।”

प्रवीण खंडेलवाल ने आगे कहा, “तमिलनाडु में डीएमके की स्टालिन सरकार ने जिस तरह भारत को विभाजित करने का षड्यंत्र रचने का प्रयास किया, आज राज्य की जनता उसका जवाब देगी। उत्तर-दक्षिण का विवाद कभी भी भारत में संभव नहीं है, लेकिन स्टालिन सरकार ने इस काम को करने की कोशिश की थी। इस बार चुनाव में एमके स्टालिन की हार होगी और एनडीए की सरकार राज्य में बनेगी।”

उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान पर भी पलटवार किया। खंडेलवाल ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ खड़गे ने अपमानजनक टिप्पणी की। मुझे लगता है कि खड़गे का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। अब कांग्रेस पार्टी को चाहिए कि वह उनका बिना देरी के किसी मनोचिकित्सक से इलाज कराए।”

आईपैक मामले में ममता बनर्जी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर भाजपा सांसद ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की कि किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री केंद्रीय जांच एजेंसी के काम में बाधा नहीं डाल सकता है, लेकिन यह पाप पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था। इससे साफ जाहिर है कि छापेमारी के दौरान ईडी को निश्चित रूप से सबूत मिलते, जिसमें न सिर्फ ममता बनर्जी, बल्कि उनकी मंडली का सच भी सामने आता। इसी कारण उन्होंने ईडी की कार्रवाई में बाधा डाली थी।”