Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘आप’ ने अशोक मित्तल को राज्यसभा में नया उपनेता बनाया, सचिवालय को...

‘आप’ ने अशोक मित्तल को राज्यसभा में नया उपनेता बनाया, सचिवालय को भेजा पत्र

0
22

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राज्यसभा में अपने नए उपनेता का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने डॉ. अशोक कुमार मित्तल को राज्यसभा में डिप्टी लीडर नियुक्त किया है। इस संबंध में ‘आप’ ने राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भी भेज दिया है।

अशोक मित्तल पंजाब से राज्यसभा सदस्य हैं और एक जाने-माने शिक्षाविद्, उद्यमी और राजनीतिज्ञ हैं। इस फैसले के तहत उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली है। राघव चड्ढा को हटाए जाने को पार्टी के भीतर एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, ‘आप’ ने राज्यसभा सचिवालय से यह भी कहा है कि अब राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के नेता के तौर पर बोलने का मौका न दिया जाए। इससे उनके बोलने के समय में भी कटौती की जा सकती है।

राघव चड्ढा हाल के दिनों में संसद में कई जनहित के मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे थे। इनमें एयरपोर्ट पर 10 रुपए की चाय का मुद्दा और डिलीवरी बॉयज से जुड़े सवाल शामिल थे। इसके अलावा, उन्होंने पैटरनिटी लीव (पितृत्व अवकाश) का मुद्दा सदन में उठाया था। उन्होंने कहा कि बच्चे की परवरिश केवल मां की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि माता-पिता की साझा जिम्मेदारी होनी चाहिए।

पार्टी के अंदर यह भी चर्चा है कि राघव चड्ढा राज्यसभा में किन विषयों पर बोलने वाले हैं, इसकी जानकारी पहले से पार्टी को नहीं देते थे, हालांकि ‘आप’ की ओर से आधिकारिक तौर पर इस कार्रवाई के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की गई है।