‘आप’ सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस का तंज, ‘मूल रास्ते से भटक चुकी है पार्टी’

0
2

जालंधर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसदों के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर पंजाब की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा और ‘आप’ दोनों पर निशाना साधा है।

पटियाला में कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जब उन्होंने पहले पार्टी को लेकर अपनी राय व्यक्त की थी, तब ‘आप’ की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही थी और उसने 70 में से 67 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की थी। अगर आज कुछ नेताओं को पार्टी पसंद नहीं आ रही है, तो यह उनकी अपनी सोच है। पार्टी पहले ही अपने मूल रास्ते से भटक चुकी थी, तभी उन्होंने उसे छोड़ने का निर्णय लिया था।”

वहीं, चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, “ऐसे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए भाजपा को बधाई दी जानी चाहिए। भाजपा पहले से ही दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को इकट्ठा कर चुकी है और यह सिलसिला जारी है। हालांकि, इससे भाजपा को कोई विशेष फायदा नहीं होगा, लेकिन आम आदमी पार्टी को अपनी वास्तविक स्थिति समझने में जरूर मदद मिलेगी।”

जालंधर में कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कोई नया या बड़ा राजनीतिक खेल नहीं है। उनके अनुसार, यह मॉडल पहले से चलता आ रहा है, जहां नेता एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाते रहते हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले एक ‘छोटी दुकान’ में थे, वे अब एक ‘बड़े मॉल’ में चले गए हैं। यह केवल राजनीतिक सुविधा का मामला है। कुछ नेताओं को छोड़कर, जैसे बलबीर सिंह सीचेवाल और हरभजन सिंह, अधिकांश नेताओं ने पंजाब के असली मुद्दों पर गंभीरता से बात नहीं की है।

इस पूरे घटनाक्रम ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है। विभिन्न दलों के नेता अपने-अपने तरीके से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।