‘अब हम बच गए’, बस्तर में गृह मंत्री अमित शाह से बोली बच्ची, बताया आनंददायक पल

0
1

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर थे, जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। इसके बाद, कभी नक्सलियों के गढ़ के रूप में प्रसिद्ध बस्तर में आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान एक बच्ची के साथ हुए संवाद का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने इसे आनंददायक पल बताया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जगदलपुर के नेतानार गांव में गुंडा धुर सेवा डेरा का जब उद्घाटन किया गया, वहां आदिवासी भाई-बहनों के चेहरे पर आशा की किरण देखी। राजनीति में मैं संवेदनशीलता के साथ काम करने वाला इंसान हूं। लाखों की भीड़ को भाषण देने से जितना आत्मसंतोष नहीं मिलता, उससे ज्यादा आत्मसंतोष 400 आदिवासी भाई-बहनों के बीच में मिला है।

उन्होंने कहा कि इस दौरान एक बच्ची के मुंह से ‘अब हम बच गए’ चलते-चलते सुनकर इतना आनंद हुआ कि शब्दों में वर्णन करना बहुत कठिन है।

गृह मंत्री के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया गया है, साथ में लिखा गया है, “बस्तर के नक्सलमुक्त होने के बाद जब वहां की एक छोटी बच्ची मुझे बोलती है कि ‘हम बच गए,’ तो वह खुशी लाखों खुशियों से ऊपर होती है।”

बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए बस्तर पहुंचे थे। इस बैठक के आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि जिस बस्तर में कभी लाल आतंक का साया था, आज वहीं जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होना सभी के लिए गौरव का विषय है। मध्य क्षेत्रीय परिषद के सदस्य राज्यों के बीच आज किसी भी प्रकार का विवाद शेष नहीं रह गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने आगे कहा कि आज यह पूरा क्षेत्र न केवल नक्सलमुक्त हुआ है, बल्कि विवादों से भी मुक्त है। बैठक में कुपोषण उन्मूलन, स्कूल ड्रॉपआउट में कमी लाने, यौन अपराधों में शत-प्रतिशत दोषसिद्धि सुनिश्चित करने एवं राज्य-स्तरीय साइबर हेल्पलाइन जैसे अहम विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।