मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। रैप कल्चर, अपराध और बदले की रोमांचक कहानी पर आधारित म्यूजिक एक्शन ड्रामा वेब सीरीज ‘लुक्खे’ के जरिए लोकप्रिय रैपर और संगीतकार किंग अपना ओटीटी डेब्यू करने जा रहे हैं। मंगलवार को मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट की जानकारी दी।
प्राइम वीडियो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में फिल्म के मुख्य कलाकारों के किरदारों के बारे में बताया गया है। वीडियो पोस्ट कर उन्होंने लिखा, “अब रैप और बदला जोर से बोलेगा…सीरीज ‘लुक्खे’ प्राइम वीडियो पर 8 मई को प्रसारित होने वाली है।”
‘लुक्खे’ एक काल्पनिक म्यूजिकल एक्शन ड्रामा सीरीज है, जिसकी कहानी चंडीगढ़ की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यहां रैप म्यूजिक की दुनिया, महत्वाकांक्षा और अपराध एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
सीरीज की कहानी दो प्रतिद्वंदी रैपर्स के बीच बदले की कहानी को दिखाएगी। इसमें एक तरफ एमसी बदनाम, जिसका किरदार लोकप्रिय रैपर और संगीतकार किंग निभा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर ओजी हैं, जिसका किरदार शिवांकित परिहार निभाते नजर आएंगे।
सीरीज में दोनों एक-दूसरे के साथ एक बहुत ही निजी दुश्मनी में उलझे हुए दिखाई देंगे, जिसमें कला और दुश्मनी के बीच की सीमाएं धुंधली होंगी। जबरदस्त एक्शन, गोलियों की बौछार और जोशीली म्यूजिकल एनर्जी का मेल है।
हिमांक गौड़ द्वारा निर्देशित सीरीज ‘लुक्खे’ का निर्माण ओपटीमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट और व्हाइट गुरिल्ला एलएलपी के बैनर तले विपुल डी. शाह और राजेश बहल द्वारा किया गया है। कहानी और स्क्रिप्ट अग्रिम जोशी और देबोजीत दास पुरकायस्थ ने लिखी और प्रोड्यूस की है।
आठ-एपिसोड की सीरीज में राशि खन्ना और किंग (अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत कर रहे हैं) मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। साथ ही पलक तिवारी (जो अपनी स्ट्रीमिंग डेब्यू कर रही हैं) और लक्षवीर सिंह सरन भी अहम रोल में हैं। इसके अलावा, सीरीज में नकुल रोशन सहदेव, कृतिका भारद्वाज, शिवांकित परिहार, योगराज सिंह और आयशा रजा मिश्रा जैसे कलाकार भी अहम रोल में शामिल हैं।
प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल, निखिल मधोक, ने सीरीज को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “प्राइम वीडियो में, हम कहानी कहने के नए-नए तरीकों के साथ प्रयोग करके हमेशा कुछ बेहतर करने में विश्वास रखते हैं, फिर चाहे वह अलग-अलग जॉनर को मिलाना हो, नए फॉर्मेट खोजना हो, या फिर लीक से हटकर कहानियों को बढ़ावा देना हो।”
उन्होंने कहा, “यह सीरीज जबरदस्त एक्शन और रैप म्यूजिक को एक साथ लाती है। साथ ही कहानी की रफ्तार और भावनात्मक गहराई का शानदार बैलेंस बनाती है। इसमें बदला और प्रायश्चित की मजबूत कहानी है, जो किरदारों और उनके फैसलों से आगे बढ़ती है। किंग और पलक तिवारी इस सीरीज से अपना ओटीटी डेब्यू कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि 8 मई को जब यह सीरीज रिलीज होगी, तो दर्शक इसे बहुत पसंद करेंगे।”
सीरीज के क्रिएटर्स और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स अग्रिम जोशी और देबोजीत दास पुरकायस्थ ने बताया, “‘लुक्खे’ हमारे लिए एक बहुत ही जुनून भरा प्रोजेक्ट रहा है। हमने एक ऐसी दुनिया बनाई है जहां एक्शन, रैप म्यूजिक और सच्ची इंसानी भावनाएं एक साथ जुड़कर दर्शकों को रोमांचक अनुभव देंगी। प्राइम वीडियो और बेहद प्रतिभाशाली हर तरह की भूमिका निभाने में सक्षम कलाकारों के साथ मिलकर काम करने से इस अलग अलग जॉनर वाली कहानी को इस तरह से पेश कर पाए हैं, जो दर्शकों को पूरी तरह से अपने साथ जोड़ लेती है, जिसमें ज़बरदस्त तीव्रता है और जो सबसे अलग है। हम इस बात को लेकर बहुत उत्साहित हैं कि जब 8 मई को ‘लुख्खे’ का प्रीमियर सिर्फ प्राइम वीडियो पर होगा, तो दर्शक इसे देखकर कैसा अनुभव करेंगे।”
आठ एपिसोड वाली सीरीज पूरे भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और इलाकों में प्राइम वीडियो पर हिंदी भाषा में प्रसारित की जाएगी।

