कोलकाता, 9 नवंबर (आईएएनएस)। तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने अभिषेक बनर्जी के घर पर हुए हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और पुलिस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरासर अन्याय है, जिसे सहा नहीं जाएगा। भाजपा के लोगों ने ईंटें फेंकीं, बोतल से मारा, लेकिन पुलिस ने थप्पड़ मारने वाले आरोपी पर जमानती धाराएं लगाईं और तीन तृणमूल समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने रायगंज एनकाउंटर और ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर भी निशाना साधा।
लोकसभा सांसद सौगत रॉय ने कहा, “यह सरासर अन्याय है। अभिषेक बनर्जी अपने घर में थे। भाजपा के लोगों ने उनके घर पर हमला किया, ईंटें फेंकीं, बोतल से लोगों को मारा। अभिषेक बनर्जी के यहां कुछ लड़के थे, जो उनके जन्मदिन की तैयारी कर रहे थे। वे नहीं होते तो भाजपा के लोग घर में घुस जाते। इतना अन्याय है, सहा नहीं जाता। जिस आदमी ने पुलिस को थप्पड़ मारा, उसके खिलाफ जमानती धाराएं लगाई गई, उसकी बेल हो गई। तृणमूल कांग्रेस के तीन समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। इसकी मैं निंदा करता हूं।”
उन्होंने कहा कि यही तो भाजपा है। एक तरफ वो बोलते हैं कि पुलिस किसी को पटाखा इस्तेमाल करने नहीं देगी, और दूसरी तरफ रानीगंज के विधायक बोलते हैं कि इससे सारे कीड़े-मकोड़े भाग जाएंगे, स्वास्थ्य अच्छा होगा। इसलिए कुछ नहीं हुआ। कल तो हम लोग रात दो-तीन बजे तक सो नहीं पाए, पटाखे फूटते रहे। पुलिस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।
रायगंज एनकाउंटर को लेकर लोकसभा सांसद ने कहा कि यही सुवेंदु अधिकारी की पुलिस नीति है कि एनकाउंटर करके मार दो, विचार मत करो। जिसको फांसी देना है, उसे गोली से उड़ा दो। पुलिस को कोई सजा नहीं होगी। मैं इसकी निंदा करता हूं। यह सरासर गलत है। सुवेंदु अधिकारी योगी आदित्यनाथ के रास्ते पर चल रहे हैं।
कोलकाता में इस साल दीपावली के मौके पर ज्यादा पटाखा छोड़े जाने को लेकर सौगत रॉय ने कहा कि कोलकाता के लोगों के लिए भाजपा और इसकी सरकार में कोई माया-ममता नहीं है।
रॉय ने ‘दिमागी नक्सल’ से जुड़े बयान पर कहा कि वो लोगों को उकसा रहे हैं कि जो उनके विरोधी हैं, वे सब दिमागी नक्सल हैं, उनको भी मारो। पहले माओवादियों को मारा गया, तब हमने कुछ नहीं कहा क्योंकि माओवादी लोग बहुत हिंसा करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री तो लोगों को उकसा रहे हैं कि जो सरकार के विरोधी हैं, उन्हीं को वो दिमागी नक्सल बोलते हैं। यह सरासर गलत है।
