Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अहमदाबाद के शीलज में बना हाई-टेक श्मशान घाट, आधुनिक सुविधाओं से लैस

अहमदाबाद के शीलज में बना हाई-टेक श्मशान घाट, आधुनिक सुविधाओं से लैस

0
17

शीलज, 17 मार्च (आईएएनएस)। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से उत्तर-पश्चिम जोन के शीलज इलाके में एक हाई-टेक श्मशान घाट का निर्माण किया गया है, जो आधुनिकता और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करता है। करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह श्मशान घाट अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

इस श्मशान घाट में दाह संस्कार के लिए 2 सीएनजी फर्नेस और 4 लकड़ी आधारित फर्नेस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, यहां पार्किंग, वेटिंग और सिटिंग एरिया, प्रार्थना कक्ष और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय निवासी कमलेश भाई ने बताया कि पहले इस इलाके के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज जाना पड़ता था, लेकिन अब नजदीक में ही इस सुविधा के उपलब्ध होने से काफी राहत मिली है।

वहीं, जितेंद्र पटेल ने कहा कि यह अत्याधुनिक श्मशान गृह सीएनजी और लकड़ी दोनों प्रकार की फर्नेस से लैस है। साथ ही कैफेटेरिया, प्रार्थना सभा हॉल और अन्य जरूरी सुविधाएं इसे और भी उपयोगी बनाती हैं।

करीब 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस श्मशान घाट में अस्थियों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो।

स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन देवांग दानी ने बताया कि महानगरपालिका शहर के सभी श्मशान घाटों का आधुनिकीकरण कर रही है, ताकि दुख की घड़ी में भी लोगों को सम्मानजनक और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के अन्य पांच इलाकों में भी ऐसे हाई-टेक श्मशान घाट बनाने की योजना है।

शीलज गांव की झील के पास बना यह स्टेट-ऑफ-द-आर्ट श्मशान घाट न केवल नागरिकों की परेशानियां कम करेगा, बल्कि उन्हें शांत और व्यवस्थित माहौल भी उपलब्ध कराएगा। यह मॉडल अब अन्य शहरों के लिए भी एक प्रेरणा बनकर उभर रहा है।