Wednesday, August 26, 2026
spot_img
Home राजनीति एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन...

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया: नसीम खान

0
31

मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के भारत मंडपम में शुक्रवार को एआई समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। भाजपा इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर हमलावर है और देश से माफी मांगने की मांग कर रही है।

कांग्रेस के कई नेताओं की ओर से यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को सही बताया गया है। महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कुछ गलत नहीं किया, प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से था।

मुंबई में कांग्रेस नेता नसीम खान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से संविधान में सबको अपनी आवाज को बुलंद करने का अधिकार दिया है। वर्तमान सरकार देश को बर्बाद कर रही है, दबाव में निर्णय ले रही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से जो भी प्रदर्शन किया है, वह ठीक किया है। उसमें गलत क्या है?

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। देश में कांग्रेस की सरकार के दौरान जब कॉमनवेल्थ गेम्स हुए, तब भाजपा नेताओं ने विरोध जताते हुए राष्ट्रवाद बताया था, लेकिन कांग्रेस ने किया तो राष्ट्रविरोध हो गया। इस देश में यह नहीं चलेगा। ये सरकार देश की जनता के खिलाफ, किसानों और युवाओं के खिलाफ निर्णय लेगी तो कांग्रेस का कार्यकर्ता अपनी आवाज उठाएगा।

मुसलमानों के रिजर्वेशन पर कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का रिजर्वेशन कैंसिल करना गलत है और यह गलत तरीके से किया गया है। 2014 में कानून और नियमों के तहत मुस्लिम समाज में अलग-अलग पिछड़े समुदायों को उनके पिछड़ेपन के आधार पर रिजर्वेशन दिया गया था। उस समय हाईकोर्ट ने इस फैसले को सही ठहराया था। अब इतने सालों बाद भाजपा ने इसे कैंसिल कर दिया है, और कुछ संगठनों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। देखते हैं आगे क्या होता है।

उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने हमेशा देश के संविधान का सम्मान किया है और इसे कमजोर करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।