Friday, August 21, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एम्स-बिलासपुर में फैकल्टी के पदों पर नियुक्ति का सुनहरा अवसर, 31 अगस्त...

एम्स-बिलासपुर में फैकल्टी के पदों पर नियुक्ति का सुनहरा अवसर, 31 अगस्त तक करें आवेदन

0
5

शिमला, 21 अगस्त (आईएएनएस)। देश का सबसे प्रतिष्ठित और प्रमुख मेडिकल संस्थान, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एम्स-बिलासपुर ने फैकल्टी के विभिन्न 8 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एम्स-बिलासपुर की ओर से फैकल्टी पोस्ट के लिए जारी 8 रिक्तियों में प्रोफेसर (फिजियोलॉजी) का 1, एसोसिएट प्रोफेसर (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (एनेस्थिसियोलॉजी) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (बायोकेमिस्ट्री) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (ऑर्थोपेडिक्स) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (फिजियोलॉजी) का 1 और असिस्टेंट प्रोफेसर (ट्रॉमा और इमरजेंसी) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का स्टेट मेडिकल काउंसिल/एमसीआई/एनएमसी में रजिस्टर्ड होना जरूरी है। इसके अलावा, जिनके पास क्वालिफाइंग एजुकेशन के तौर पर ब्रॉड स्पेशियलिटीज या सुपर स्पेशियलिटीज़ में डीएनबी है, उन्हें एमसीआई के अनुसार एमडी/एमएस/डीएम/एमसीएच के बराबर डीएनबी के बारे में काबिल/सही अथॉरिटी से जारी डॉक्यूमेंट्री सबूत दिखाने होंगे।

आवेदकों की अधिकतम आयु प्रोफेसर पोस्ट के लिए सीधी भर्ती में 58 वर्ष, डेपुटेशन के मामले में 56 वर्ष और रिटायर हो चुके फैकल्टी के मामले में 70 वर्ष तय की गई है। वहीं, एसोसिएट प्रोफेसर/असिस्टेंट प्रोफेसर पोस्ट के लिए 50 वर्ष और रिटायर हो चुके फैकल्टी के मामले में 70 वर्ष (सिर्फ एसोसिएट प्रोफेसर के लिए) तय की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और चयन समिति के समक्ष प्रस्तुति के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रोफेसर पोस्ट के लिए 1,68,900 से 2,20,400 रुपए, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1,38,300 से 2,09,200 रुपए और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 1,01,500 से 1,67,400 रुपए के बीच तय की गई है।

फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 2,360 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूएस) श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स-बिलासपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए गूगल फॉर्म लिंक से एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को लिफाफे में डालकर उसे ‘उप निदेशक (प्रशासन), प्रशासनिक ब्लॉक, तीसरी मंजिल, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, कोठीपुरा, बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश-174037’ पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि गूगल फॉर्म में ऑनलाइन जानकारी सबमिट करने का लिंक 25 अगस्त को शाम 5 बजे तक एक्टिव रहेगा। वहीं, आवेदकों को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एम्स-बिलासपुर की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।