नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल चिकित्सा विज्ञान संस्थान (सीएपीएफआईएमएस) कैंपस, मैदानगढ़ी, नई दिल्ली में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अलग-अलग विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 18 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एम्स-दिल्ली की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर पोस्ट के लिए जारी 18 रिक्तियों में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी के 3, मेडिकल ऑन्कोलॉजी का 1, नेफ्रोलॉजी के 3, न्यूरोसर्जरी के 3, न्यूक्लियर मेडिसिन के 2, ऑर्थोपेडिक्स के 3 और यूरोलॉजी के 3 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय कई गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं। वे एम्स-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय के अनुसार गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी/मेडिकल ऑन्कोलॉजी/नेफ्रोलॉजी में डीएम, न्यूरोसर्जरी/यूरोलॉजी में एमसीएच, न्यूक्लियर मेडिसिन में एमडी, ऑर्थोपेडिक्स में एमएस आदि होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित वर्षों का अनुभव और अन्य तय अन्य पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,42,506 रुपए प्रतिमाह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 3,000 रुपए और एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 2,400 रुपए तय किया गया है। वहीं, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

