Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आईआईटी गोवा में नॉन टीचिंग स्टाफ के पदों पर भर्ती, 19 अप्रैल...

आईआईटी गोवा में नॉन टीचिंग स्टाफ के पदों पर भर्ती, 19 अप्रैल तक आवेदन का अवसर

0
27

पणजी, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी-गोवा) ने नॉन टीचिंग स्टाफ (गैर-शिक्षण कर्मचारी) के कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी निकाली है।

आईआईटी गोवा ने नॉन टीचिंग स्टाफ के जिन 5 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें जूनियर इंजीनियर (सिविल) का 1, सुपरिटेंडेंट (नर्सिंग) का 1 और एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट के 3 पद शामिल हैं।

आईआईटी गोवा की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक/बीई, जनरल नर्सिंग और मिडवाइफरी में डिप्लोमा, बीएससी (नर्सिंग) या न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 27 से 34 साल के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित क्षेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 300 रुपए (समूह बी) और 200 रुपए (समूह सी) तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, कंप्यूटर आधारित परीक्षा, व्यापार परीक्षा/कौशल परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार वेतन स्तर 6 और वेतन स्तर 4 के बीच प्रति माह होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआईटी-गोवा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।