नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक राम कदम ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर ने मान लिया है कि वे अकेले भाजपा से नहीं लड़ सकते, इसलिए एक-दूसरे का सहारा ले रहे हैं। वहीं, यूपी सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन का काम तो भाजपा ने किया है। दूसरी तरफ ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष साजिद रशीदी ने ओवैसी पर मुस्लिम वोट खराब करने का आरोप लगाया।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के एआईएमआईएम-एएसपी गठबंधन को लेकर यूपी के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, “ये उनसे जुड़ा विषय है लेकिन सामाजिक परिवर्तन का काम तो भाजपा ने किया है। भाजपा ने पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में समाज के सभी वर्गों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक उत्थान के लिए काम किया। अगर देखें, तो भाजपा सामाजिक रूप से सभी वर्गों की पार्टी है। महिलाओं के लिए, अनुसूचित जाति के लिए भी हमारे संगठन में आरक्षण है। देश में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास है।”
एआईएमआईएम-एएसपी गठबंधन पर भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक साथ घोषणा करें या नहीं, यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। हालांकि, गठबंधन बनाकर एक साथ चुनाव लड़ना लोकतांत्रिक अधिकार है। दोनों दलों ने स्वीकार किया है कि वे अकेले भाजपा से नहीं लड़ सकते और इसलिए एक-दूसरे का सहारा ले रहे हैं। अगर वे एक साथ आ भी जाते हैं, तो उत्तर प्रदेश के विकास, शिक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए उनका एजेंडा क्या है? उनके पास क्या ठोस योजनाएं हैं? क्या उनका एकमात्र उद्देश्य एक-दूसरे के राजनीतिक हितों की रक्षा करना और राजनीतिक समीकरण बनाना है।
वहीं, भाजपा नेता गुलाम अली खटाना ने कहा कि देश आजाद है और कोई कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। देश की जनता को भाजपा की नीतियों पर पूरा विश्वास है और यूपी में भी भाजपा फिर से जीत हासिल करेगी।
ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष साजिद रशीदी ने कहा कि ओवैसी बिना वजह ड्रामा करना चाहते हैं और जानबूझकर यूपी की सियासत में खुद को साबित करना चाहते हैं। ओवैसी मुस्लिम वोटों को खराब करने पर तुले हुए हैं। सवाल ये नहीं है कि लोग उन्हें बी टीम कहते हैं बल्कि सवाल ये है कि इन्हें जरूरत क्या पड़ी हैदराबाद से यूपी में आकर उन्हीं सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवारों को उतारने की, जहां पहले से ही मुस्लिम कैंडिडेट है। क्या यह वोटों को खराब करने वाली स्थिति नहीं है।
