Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन फहीम अब्दुल्ला की आवाज का जादू, करण जौहर बोले- “हर दिल के...

फहीम अब्दुल्ला की आवाज का जादू, करण जौहर बोले- “हर दिल के ‘चांद’ बन जाएंगे”

0
27

मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्ममेकर करण जौहर एक बार फिर दर्शकों के लिए प्यार, जुनून और जुदाई की एक अनोखी कहानी ‘चांद मेरा दिल’ लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म एक भावुक प्रेम कहानी है, जिसमें प्यार की गहराइयों और बिछड़ने के दर्द को बखूबी से दिखाया जाएगा।

हाल ही में फिल्म का इमोशनल सॉन्ग ‘ऐतबार’ रिलीज हुआ था और फैंस के दिलों में बस गया। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया जा रहा है। इस गाने को गायक फहीम अब्दुल्ला ने अपनी आवाज से सजाया है। गाने के बोल मशहूर गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि इसका शानदार संगीत सचिन-जिगर की जोड़ी ने तैयार किया है।

शुक्रवार को करण जौहर ने इंस्टाग्राम के जरिए फहीम की जमकर सराहना की। करण ने फहीम के हुनर की सराहना करते हुए लिखा, “फहीम की आवाज सीधे दिल और रूह को छू लेती है, जब आप उन्हें सुनते हैं, तो एक साथ कई भावनाएं महसूस होती हैं। उन्होंने हमारी फिल्म के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया है।”

करण ने आगे बताया कि फहीम के साथ काम करना उनके लिए बेहद खूबसूरत सफर रहा है। उन्होंने लिखा, “फहीम ने अपने अनोखे अंदाज से इस गाने को और भी खास बना दिया है। ‘ऐतबार’ जैसे इमोशनल गाने के लिए फहीम की आवाज से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता था।”

करण जौहर ने प्रशंसकों से अपील की है कि वे थोड़ा समय निकालकर इस गाने को जरूर सुनें और उन भावनाओं को महसूस करें जो उन्होंने खुद महसूस की हैं। उन्होंने फहीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि अपनी इस बेमिसाल आवाज के दम पर वह जल्द ही हर दिल के ‘चांद’ बन जाएंगे।

विवेक सोनी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ का निर्माण करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। फिल्म में अनन्या पांडे ‘चांदनी’ और लक्ष्य ‘आरव’ के रूप में नजर आएंगे। ‘चांद मेरा दिल’ 22 मई सिनेमाघरों में दस्तक देगी।