अमृतसर, 5 सितंबर (आईएएनएस)। शिक्षक दिवस के अवसर पर अमृतसर के निष्काम सेवा पब्लिक स्कूल के शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए। स्कूल की अध्यापिका संतोष और शिक्षक सरदार सिंह ने कहा कि देश की नई पीढ़ी को बेहतर बनाने के लिए अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार, मूल्य और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी हैं।
अध्यापिका संतोष ने बताया कि वह लंबे समय से स्कूल में अध्यापन का काम कर रही हैं। शिक्षक दिवस डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है और उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास करते हैं। शिक्षक का उद्देश्य केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए तैयार करना भी है। शिक्षक दिवस पर बच्चे अपने पसंदीदा शिक्षकों के लिए फूल, उपहार या अन्य छोटी-छोटी चीजें लेकर आते हैं। बच्चों का अपने शिक्षकों के प्रति यह स्नेह और उत्साह शिक्षकों के लिए विशेष अनुभव होता है।
शिक्षक सरदार सिंह ने कहा कि देश में शिक्षक दिवस मनाया जाना अच्छी बात है और शिक्षकों को सम्मान मिलना चाहिए, क्योंकि वे आने वाली पीढ़ी की नींव तैयार करते हैं। शिक्षक ही बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्कूल ऐसे बच्चों को भी शिक्षा देने का प्रयास कर रहा है, जो समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और उपेक्षित वर्ग से आते हैं। उन्होंने लोहगढ़ के आसपास की बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन बच्चों को शिक्षा से जोड़ना स्कूल के प्रयासों का हिस्सा है।
सरदार सिंह ने कहा कि देश की आजादी के इतने वर्षों बाद भी किसी बच्चे को निराश नहीं होना चाहिए। बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
यह पूछे जाने पर कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा मिलने से क्या वे आगे बढ़ सकते हैं, सरदार सिंह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि शिक्षा मिलने पर बच्चे निश्चित रूप से प्रगति करेंगे। उन्होंने शिक्षा को ऐसा ज्ञान बताया, जिसे कोई व्यक्ति न तो चुरा सकता है और न ही उससे छीन सकता है। समाज में लोगों के लिए अवसर समान हो सकते हैं, लेकिन जिन बच्चों को सही अवसर और मार्गदर्शन मिल जाता है, वे अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने में सफल होते हैं।
