अमृतसर में हथियार तस्करी का भंडाफोड़, फरार आरोपियों की तलाश जारी

0
5

अमृतसर, 29 मार्च (आईएएनएस)। अमृतसर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अवैध हथियारों की एक खेप जब्त की है। पंजाब पुलिस अब इससे जुड़े आरोपियों की तलाश कर रही है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव (आईपीएस) ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अवैध हथियारों की एक खेप को नाकाम करते हुए दो 9एमएम सब-मशीन गन और एक खाली मैगजीन बरामद की है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि शुरुआती जांच से पता चला है कि इस खेप का संबंध गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी ढिल्लों से है और इसका इस्तेमाल पूरे पंजाब में आपराधिक और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए किया जाना था।

इस मामले में अमृतसर के छेहरटा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना भी है। पंजाब पुलिस अपने जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत अवैध हथियारों, संगठित अपराध और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है ताकि पंजाब में नागरिक सुरक्षित महसूस करें।

इससे कुछ दिन पहले अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने भी एक बड़ा कामयाबी हासिल की थी। टीम ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और 10 विदेशी पिस्टल के साथ कई मैगजीन बरामद की।

ये आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के कहने पर काम कर रहे थे और पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ मिलकर अवैध हथियारों को भारत में लाने की कोशिश कर रहे थे। इन हथियारों का उद्देश्य पंजाब में आपराधिक तत्वों के बीच वितरण करना था।