नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव आयोग पर उठाए गए सवालों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के आरोपों को तथ्यहीन और भ्रम फैलाने वाला बताया।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर ऐसी पीपीटी पेश की, जिसका स्रोत किसी को पता नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की उम्र 56 साल है और वह दावा करते हैं कि पिछले 50 वर्षों से राजनीति को देख रहे हैं। ऐसे में लगता है कि उन्होंने 5-6 साल की उम्र से ही राजनीति समझनी शुरू कर दी थी।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि भारत में एंटी-इनकंबेंसी एक स्थापित राजनीतिक सच्चाई है, लेकिन उन्हें भारतीय राजनीति का इतिहास ही नहीं पता। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस 1967 के बाद कभी सत्ता में नहीं लौटी, जबकि उस समय भाजपा का अस्तित्व भी नहीं था। पश्चिम बंगाल में 1977 के बाद कांग्रेस सत्ता में नहीं आई, बिहार में 1990 से, उत्तर प्रदेश में 1989 से और ओडिशा में 1999 से कांग्रेस सरकार नहीं बना सकी।
भाजपा नेता त्रिवेदी ने कहा कि एंटी-इनकंबेंसी अगर लगातार किसी पार्टी के खिलाफ काम करती रही है तो वह कांग्रेस है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति की वास्तविकताओं से अनभिज्ञ हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब चुनावों में मतदाता पहचान पत्र नहीं होते थे, बूथ कैप्चरिंग होती थी, बैलेट बॉक्स लूटे जाते थे और गोलियां चलती थीं। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में शायद ही कोई चुनाव हिंसा के बिना संपन्न होता था। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आने, सीसीटीवी कैमरे लगने और स्वतंत्र मीडिया के मजबूत होने के बाद कांग्रेस को चुनाव जीतने में मुश्किल होने लगी।
एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब देते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21(3) चुनाव आयोग को किसी भी समय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का स्पष्ट अधिकार देती है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दावा किया कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1960 के तहत फॉर्म-6 में बदलाव किए गए हैं, जबकि ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने राहुल गांधी के इस आरोप को भी खारिज किया कि फॉर्म में माता-पिता के नाम जोड़ने को लेकर कोई नया प्रावधान किया गया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस तरह के आरोप केवल कांग्रेस ही लगा सकती है।
भाजपा ने राहुल गांधी पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनके बयान तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। इस दौरान, सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पीएम मोदी जमीन से जुड़े हैं और राहुल गांधी जमीन से उड़े हैं, यानी कि वो अधिकतर देश के बाहर ही रहते हैं।
