Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति एंटी-पेपर लीक पैनल जरूरी, परीक्षा में पारदर्शिता एनडीए की प्राथमिकता: अजय आलोक

एंटी-पेपर लीक पैनल जरूरी, परीक्षा में पारदर्शिता एनडीए की प्राथमिकता: अजय आलोक

0
1

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने झारखंड सिविल सर्विसेज परीक्षा की जांच, उत्तर प्रदेश में मदरसा जांच, अयोध्या में कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय राय के स्वागत समारोह में आयोजित मछली भोज, बिहार में एंटी-पेपर-लीक पैनल और तमिलनाडु की राजनीति समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में पारदर्शिता और गड़बड़ियों को रोकने के लिए भाजपा और एनडीए गंभीरता से काम कर रहे हैं।

‘अर्बन नक्सलियों के हाथों देश बर्बाद करना चाहते हैं’, सीएम योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर डॉ. अजय आलोक ने कहा कि जिस बेटी ने गलती की, उसने माफी मांग ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही उसे माफ कर चुके थे। लेकिन, असली सवाल यह है कि उस बेटी के दिमाग में इतना जहर किसने भरा। ऐसे लोग देश की युवा पीढ़ी को अलग दिशा में ले जाना चाहते हैं, जो देश और युवाओं के हित में नहीं है। उन्होंने युवाओं को अपने करियर पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि 18 से 25 वर्ष की उम्र करियर बनाने का समय है। इस दौरान युवाओं को पढ़ाई और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। बाकी चीजों के लिए जीवन में आगे बहुत समय है।

तमिलनाडु में डीएमके और भाजपा के बीच गठबंधन की संभावना को लेकर कांग्रेस सांसद कार्तिक चिदंबरम के बयान पर भी अजय आलोक ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कार्तिक चिदंबरम को सपने आते रहते हैं और उनके सपने देखने के लिए भाजपा जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह अपने सपने देखते रहें।

बिहार में बनाए गए एंटी-पेपर-लीक पैनल और परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों व देरी को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एनडीए शासित सभी राज्य इस दिशा में काम करने जा रहे हैं। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकना भाजपा और एनडीए की गंभीर प्राथमिकता है। परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्यों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े और परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनी रहे।

अयोध्या में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्वागत समारोह के दौरान आयोजित मछली भोज को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय आलोक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इसमें नया क्या है और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की खान-पान की राजनीति पहले भी सामने आती रही है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसा बाप, वैसा बेटा। अजय आलोक ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के पिता भी इसी तरह की गतिविधियों के लिए जाने जाते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस में ऐसी ही चीजें देखने को मिलती हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सावन में राहुल गांधी लालू प्रसाद यादव के घर गए थे और वहां मीट पका रहे थे।