एपीएमएसआरबी भर्ती 2026: प्रोफेसर समेत 59 पदों पर आवेदन जारी, 26 अप्रैल तक भरें फॉर्म

0
2

अमरावती, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए आंध्र प्रदेश चिकित्सा सेवा भर्ती बोर्ड (एपीएमएसआरबी) ने प्रोफेसर सहित विभिन्न 59 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

एपीएमएसआरबी ने जिन 59 पदों पर वैकेंसी जारी कर आवेदन मांगे हैं, उनमें प्रोफेसर (यूजी- आयुर्वेद) के 3, प्रोफेसर (यूजी- होमियो) के 27, एसोसिएट प्रोफेसर (आयुर्वेद) के 9 और एसोसिएट प्रोफेसर (होमियो) के 20 पद शामिल हैं।

एपीएमएसआरबी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 11 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित विषय/विशेषज्ञता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास तय सालों का शिक्षण अनुभव का होना भी अनिवार्य है। वहीं, उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 60 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई, 2025 के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, कार्य अनुभव और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 65,360 से 80,910 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 1,500 रुपए और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक वर्ग, दिव्यांगजन, बैकवर्ड क्लास, ईडब्लूएस और पूर्व सैनिक के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एपीएमएसआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।