नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण गायन के विरोध को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नासमझ लोग अपने कार्यकर्ताओं और जनता को जेल में डलवाना चाहते हैं। साथ ही, विनोद बंसल ने उमर अब्दुल्ला की ओर से ‘वंदे मातरम’ गाने पर भी प्रतिक्रिया दी।
विनोद बंसल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “जम्मू-कश्मीर की फिजा इस तरह तेज गति के साथ बदली है कि जो लोग कहते थे कि अगर धारा 370 हटी, तो तिरंगे को कंधा देने वाला भी नहीं मिलेगा, आज वहां के मुख्यमंत्री, बड़े-बड़े नेता और सैकड़ों की संख्या में कश्मीरी भाई-बहन पूरा वंदे मातरम गा रहे हैं। वे भारत माता की जय का उद्घोष भी लगा रहे हैं।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “एक चर्चा ‘नाराज फूफा’ की है और उनका पूरा का पूरा कुनबा अभी भी ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत विरोध’ से बाज नहीं आ रहा। वो लोगों को भड़का करके उस स्टेज पर लेकर जाना चाहते हैं कि वंदे मातरम का विरोध करो, हमारा राजनैतिक उल्लू सीधा करो और चाहे तुम जेल में जाओ।”
विहिप के प्रवक्ता ने कहा, “कल उमर अब्दुल्ला ने एक बड़ा जबरदस्त बयान दिया है कि कांग्रेस हमें भड़काकर कश्मीरियों को जेल में डलवाना चाहती है। उमर अब्दुल्ला एक चालाक और बुद्धिमान मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने 2014 में भाजपा की सरकार आने से पहले कहा था कि ‘मोदी को रोकना है तो आज रोक लो, वरना कई दशकों तक रोक नहीं पाओगे।’ मुझे नहीं पता कि उनका क्या कैलकुलेशन था, लेकिन वो सच्चाई अब सामने आ रही है।”
उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में पूरा ‘वंदे मातरम’ गीत गाया गया। इस पर उमर अब्दुल्ला ने स्पष्टीकरण दिया है कि अगर पूरा गीत नहीं गाते तो कश्मीरी लोग जेल में होते, क्योंकि इसको लेकर कानून बन चुका है। हालांकि, नासमझ लोग अपने कार्यकर्ताओं और जनता को जेल में डलवाना चाहते हैं।”
विनोद बंसल ने यह भी कहा कि संसद के अंदर विरोध हो, वह एक बात है, लेकिन बाहर विरोध करना अलग बात होती है। इस पर जेल हो सकती है। अगर कांग्रेस समय पर चेत जाती है तो ठीक है, वरना कांग्रेस नेतृत्व के बहकावे में जनता फंस जाएगी और जेल के चक्कर काटने पड़ेंगे।
वहीं, भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की पाकिस्तान पर जीत को लेकर उन्होंने कहा, “भारत की बेटियों ने गोल करके पाकिस्तान को जवाब दिया है। 19 गोल दागे, पाकिस्तान की टीम एक भी नहीं कर पाई। वहीं, दूसरी तरफ क्रिकेट मैच में भारत की बेटियों ने बांग्लादेश को 40 रनों से शिकस्त दे दी। दोनों पड़ोसियों को ये दिखा दिया कि अभी तो दुर्गा पूजा दूर है।”
विनोद बंसल ने कहा, “भारत की नारी शक्ति बड़ी प्रबल है। वो एक बार जो ठान लेती है वो करके दिखाती है। मैं दोनों टीमों, भारत की महिला क्रिकेट टीम को और भारत की महिला हॉकी टीम, को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। इसी तरह से वो फाइनल में भी जीतेंगी और दुनिया के अंदर परचम लहराएंगी।”
