Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पार्टी को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा कांग्रेस का...

पार्टी को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व: कमलजीत सहरावत

0
5

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व अपनी पार्टी को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।

कमलजीत सहरावत ने कहा, “कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी साफ तौर पर दिख रही है। जहां भी उनकी सरकार बनती है, वहां उनकी पार्टी में आंतरिक कलह से जनता के हितों का नुकसान होता है। राहुल गांधी भी इस अस्थिरता को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाते हैं। कर्नाटक की जनता ने विकास के नाम पर कांग्रेस को वोट दिया था, लेकिन पार्टी की गुटबाजी ने उस विश्वास को धूमिल कर दिया है।”

उन्होंने आगे कहा, “सिद्दारमैया के बयान से साफ है कि उन्हें उच्च कमान का निर्देश मानना पड़ा। यह कर्नाटक की जनता के साथ बड़ा विश्वासघात है। अंदरूनी गुटबाजी के कारण जनहित पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। हालांकि, यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन जनता इसका मूल्यांकन जरूर करेगी।”

कर्नाटक घटनाक्रम पर भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्षी दलों की गुटबाजी न केवल अपनी पार्टी को कमजोर कर रही है, बल्कि जहां-जहां उसकी सरकार है, वहां विकास कार्यों को भी प्रभावित कर रही है। जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार है, कई राज्यों में दे चुकी है और बाकी बचे राज्यों में जल्द ही देखने को मिल सकता है। ये लोग जनता के हित में नहीं सोचते हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इस नियुक्ति पर भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हर्ष मल्होत्रा एक मेहनती, सक्षम और समर्पित नेता हैं, जो पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “हमारे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी। दिल्ली में 7 सांसद, नगर निगम और जनता का आशीर्वाद है। अब हर्ष मल्होत्रा प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। वे सांसद भी हैं और पहले महामंत्री के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वे जमीनी स्तर से उठकर आए नेता हैं, जो कार्यकर्ताओं और दिल्लीवासियों की भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी तथा लगातार आगे बढ़ती रहेगी।”