Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एपीएससी भर्ती 2026: जूनियर इंजीनियर के 53 पदों पर नौकरी का सुनहरा...

एपीएससी भर्ती 2026: जूनियर इंजीनियर के 53 पदों पर नौकरी का सुनहरा मौका, 11 मई से करें आवेदन

0
40

दिसपुर, 6 मई (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) ने लोक निर्माण (भवन एवं राष्ट्रीय धरोहर) विभाग के अंतर्गत जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के कुल 53 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

एपीएससी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 11 मई से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक एक्टिव होने के बाद से तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून तय की गई है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एआईसीटीई द्वारा मान्यता प्राप्त किसी भी संस्थान से नियमित पाठ्यक्रम के साथ इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा होना अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा/स्क्रीनिंग टेस्ट, इंटरव्यू/मौखिक परीक्षा (यदि लागू हो), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 14,000 से 70,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को 8,700 रुपए ग्रेड पे भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल के लिए 297.20, ओबीसी/एमओबीसी के लिए 197.20, और एससी/एसटी/बीपीएल/पीडब्ल्यूबीडी के 47.20 रुपए तय किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।