नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा यह घोषणा किए जाने के कुछ दिनों बाद कि पाकिस्तान हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए भारत आएगी, पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने मोहाली में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के अपने मुकाबलों के लिए तटस्थ स्थल की मांग की है।
खबरों के अनुसार, पीएचएफ ने एशियन हॉकी फेडरेशन से संपर्क किया है और 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए अपने मुकाबलों को किसी तटस्थ स्थल पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया है, ताकि मुल्क की बिना किसी रुकावट के पूरी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जालंधर और मोहाली में होने वाले इस इवेंट में मेजबान भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी।
पीएचएफ के अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने एक बयान में कहा कि इस फैसले का मकसद राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा, “हम भारत सहित एफआईएच के सभी सदस्य देशों के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पीएचएफ खेलों को राजनीति से दूर रखने के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध है।
पाकिस्तान के समाचार चैनल ‘जियो टीवी’ ने खबर दी है कि पीएचएफ अध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि एएचएफ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की बिना किसी रुकावट के पूरी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल के प्रस्ताव पर सकारात्मक रूप से विचार करेगा।
पीएचएफ के रुख में यह बदलाव वानी की तरफ से यह स्पष्ट किए जाने के दो दिन बाद आया है कि टीम का भारत दौरा सरकार की मंजूरी पर निर्भर है। वानी ने कहा था, “पाकिस्तान टीम का दौरा सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। सरकार जो भी कहेगी, हम वही करेंगे।”
भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंध खराब होने के कारण दोनों देशों की टीमें खेल आयोजनों में भाग लेने के लिए सीमा पार नहीं जा रही हैं। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान जाने की अनुमति नहीं मिली थी। उसने अपने मैच तटस्थ स्थल यूएई में खेले थे। आईसीसी ने बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की थी और हर देश द्वारा आयोजित इवेंट्स के लिए तटस्थ स्थल रखना अनिवार्य कर दिया था।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं गई थी और उसने अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में खेले थे। पाकिस्तान की पुरुष टीम ने भी भारत में होने वाले आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का दौरा नहीं किया था और अपने मैच श्रीलंका में खेले थे।
अब ऐसा लगता है कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन अपनी पुरुष हॉकी टीम के लिए भी ऐसा ही बर्ताव चाहता है, भले ही इस खेल में तटस्थ स्थल की अवधारणा न हो।
