निशिन, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 का पुरुष क्रिकेट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जा रहा है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 111 रन बनाए हैं।
बारिश की वजह से गीले आउटफील्ड के कारण 20 ओवर की जगह 13 ओवर के मैच में पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 45 के स्कोर पर अपने शीर्ष 4 बल्लेबाज गंवा दिए। यहाँ से तौहिद हृदोय और मोसद्दक हुसैन ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों पर 53 रन की अहम साझेदारी की। तौहिद 25 गेंदों पर 4 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। मोसद्दक ने 16 गेंदों पर 11 रन बनाए। आखिरी ओवरों में मेहदी हसन ने 4 गेंदों पर नाबाद 8 रन बनाकर टीम का स्कोर 7 विकेट पर 111 रन तक पहुंचाया। ओपनर सैफ हसन ने 17 गेंदों पर 2 छक्कों और 1 चौके की मदद से 19 रन बनाए थे।
तौहिद और मोसद्दक के बीच हुई साझेदारी के बाद बांग्लादेश का स्कोर 125 के करीब जाता नजर आ रहा था, लेकिन इन दोनों का विकेट लेकर और निचले क्रम के बल्लेबाजों को रन बनाने की छूट न देकर पाकिस्तानी गेंदबाजों ने मैच में वापसी की।
पाकिस्तान के लिए स्पिनर सुफियान मुकीम सबसे सफल गेंदबाज रहे। मुकिम ने 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। अराफात मिन्हास ने 3 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। सईम अयूब ने भी अच्छी गेंदबाजी की और 2 ओवर में 3 रन देकर 1 विकेट लिया।
पाकिस्तान को जीत के लिए 112 रन की आवश्यकता है। अगर पाकिस्तान 112 रन बनाने में सफल रहता है, तो फाइनल में जगह बना लेगा। लक्ष्य हासिल न कर पाने की स्थिति में पाकिस्तान को फिर तीसरे स्थान (ब्रॉन्ज मेडल) के मैच में खेलना होगा।
