SGSU Advertisement
Home खेल एशियन पैरा गेम्स में यूपी के खिलाड़ियों का जलवा, छह पदक जीतने...

एशियन पैरा गेम्स में यूपी के खिलाड़ियों का जलवा, छह पदक जीतने पर केशव मौर्य ने दी बधाई

0
6

लखनऊ, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स-2026 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पैरा खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट खेल कौशल से अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता दूसरे खिलाड़ियों, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। केशव प्रसाद मौर्य ने महिलाओं की 200 मीटर टी-12 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली सिमरन, पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-51 से एफ-53 स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने वाले राम रतन सिंह और महिलाओं की 200 मीटर टी-35 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली प्रीति पाल को बधाई दी।

उन्होंने टेबल टेनिस की महिला एकल क्लास-6 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली प्राची पांडेय की उपलब्धि की भी सराहना की। इसके अलावा पुरुषों की भाला फेंक एफ-53/एफ-54 स्पर्धा में एफ-54 वर्ग के तहत रजत पदक जीतने वाले प्रदीप कुमार और एफ-53 वर्ग में कांस्य पदक हासिल करने वाले आयुष वर्मा को शुभकामनाएं दीं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां उनकी अथक मेहनत, अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति का परिणाम हैं। उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से चुनौतियों को अवसर में बदला जा सकता है।

केशव मौर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैरा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने सभी पदक विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम