गांधीनगर, 13 मई (आईएएनएस)। एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन ज्ञानेश्वरी यादव ने भारत का नाम रोशन किया। महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी में ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में सिल्वर, जबकि ओवरऑल टोटल में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
यह चैंपियनशिप 11 मई से महात्मा मंदिर और प्रदर्शनी केंद्र में चल रही है, जिसमें 28 एशियाई देशों और दो कॉमनवेल्थ देशों के 178 एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। यह इवेंट कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालिफिकेशन का रास्ता भी है, जिससे सभी कैटेगरी में मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।
महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी के कड़े मुकाबले में, चीन की जिनलान झाओ ने कुल 216 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वियतनाम की होआई हुओंग गुयेन कुल 195 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भारत की ज्ञानेश्वरी यादव ने कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 88 किलोग्राम वजन उठाया, जिससे उन्हें इस कैटेगरी में सिल्वर मेडल मिला। वह झाओ (95 किलोग्राम) से पीछे रहीं। क्लीन एंड जर्क में, झाओ ने 121 किलोग्राम वजन उठाकर अपना दबदबा बनाए रखा, जबकि गुयेन ने 108 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल पक्का किया।
भारतीय वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि यह नतीजा राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प और प्रगति, दोनों को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “ज्ञानेश्वरी का प्रदर्शन एशियाई स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिस्पर्धा का एक मजबूत संकेत है। इस स्तर पर बहुत कम अंतर से हार-जीत तय होना दिखाता है कि हम महाद्वीप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ का फासला तेजी से कम कर रहे हैं।”
फेडरेशन ने यादव और पूरे भारतीय दल को बधाई देते हुए कहा कि यह नतीजा चैंपियनशिप के बाकी इवेंट्स के लिए प्रेरणा का काम करेगा। चूंकि, अभी कई भार श्रेणियों के परिणाम आने बाकी हैं, इसलिए उम्मीद है कि चैंपियनशिप में उच्च-स्तरीय प्रदर्शनों का सिलसिला जारी रहेगा।

