Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अस्तित्व के संकट से जूझ रही कांग्रेस, कार्यक्रमों की घोषणा पर अमल...

अस्तित्व के संकट से जूझ रही कांग्रेस, कार्यक्रमों की घोषणा पर अमल का साहस नहीं : गुरु प्रकाश

0
3

पटना, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन, राहुल गांधी के पटना कार्यक्रम के टलने, हिंदुत्व की परिभाषा और राम मंदिर चंदे से जुड़े विवादों को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को उठाता है।

वायनाड में हुए लैंडस्लाइड की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरु प्रकाश ने कहा कि वहां से आई तस्वीरें बेहद भयावह और चिंताजनक हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वायनाड में कांग्रेस की सरकार है और वहां से कांग्रेस के सांसद भी हैं। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को संकट के समय अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सांसद एक संवैधानिक पद पर होते हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जब किसी क्षेत्र में बड़ी त्रासदी आती है, तब लोगों के दुख में शामिल होना और उनकी मदद के लिए आगे आना जनप्रतिनिधियों का दायित्व होता है।

राहुल गांधी के पटना कार्यक्रम के स्थगित होने पर भी गुरु प्रकाश ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी “अराजकता” की स्थिति में है और वह अस्तित्व के संकट से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यक्रमों की घोषणा तो करती है, लेकिन कई बार उसके नेता ही उसमें शामिल नहीं होते। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार उतारने तक का नैतिक साहस नहीं बचा है।

राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने मामला सामने आने के बाद समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की है। जांच, एफआईआर, एसआईटी और गिरफ्तारी जैसी प्रक्रियाएं सरकार की प्राथमिकता रही हैं।

गुरु प्रकाश ने विपक्षी दलों पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राम मंदिर से जुड़े विषयों का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर और भगवान राम से जुड़े मुद्दों पर जनता सब कुछ देख रही है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के राम मंदिर चढ़ावा से जुड़े बयानों पर भी भाजपा प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेताओं ने पहले भी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि अब वही लोग मंदिर से जुड़े विवादों पर राजनीति कर रहे हैं।