Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन काल्पनिक नहीं, आज के समाज और महानगरों का सच है ‘बेबी डॉल’:...

काल्पनिक नहीं, आज के समाज और महानगरों का सच है ‘बेबी डॉल’: लेखक-निर्माता अमित खान

0
6

मुंबई, 3 जून (आईएएनएस)। मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाने और सफलता के शिखर पर पहुंचने के लिए युवा कलाकारों का संघर्ष जगजाहिर है। इसी पृष्ठभूमि पर आधारित एक नई माइक्रो ड्रामा सीरीज ‘बेबी डॉल’ जल्द ही दर्शकों के बीच आ रही है।

इस सीरीज के लेखक और जाने-माने निर्माता अमित खान ने बताया कि यह कहानी उन महिलाओं के जीवन और उनकी विवशताओं को दर्शाती है, जो आर्थिक तंगहाली के कारण अपने से बड़ी उम्र के प्रभावशाली पुरुषों के साथ रिश्ते बनाने का फैसला करती हैं।

उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि यह कहानी किसी काल्पनिक दुनिया की नहीं, बल्कि आज के समाज और खासकर मुंबई जैसे महानगर की एक कड़वी सच्चाई से प्रेरित है।

उन्होंने कहा, “हर साल देश के कोने-कोने से कई युवा अभिनेत्री बनने का बड़ा सपना लेकर मुंबई आती हैं, लेकिन यहां आने के बाद उन्हें असल जिंदगी की मुश्किलों और पैसों की भारी तंगी का सामना करना पड़ता है। आज के दौर में इस ग्लैमर जगत में ‘शुगर डैडी’ का कॉन्सेप्ट तेजी से आम होता जा रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “कहानी ‘बेबी डॉल’ नाम की एक युवा लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बड़ा नाम कमाने की उम्मीद लेकर मुंबई आती है। हालांकि, पैसों की तंगी और अपनी महत्वाकांक्षाओं के चलते वह खुद से काफी ज्यादा उम्र के पुरुषों के साथ जुड़ जाती है। यह सीरीज इसी दुनिया और इस सफर में उसके द्वारा लिए गए फैसलों को दिखाती है।”

अमित ने बातचीत में बताया कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि एक लेखक के रूप में उन्हें बेहतरीन मौके मिले हैं। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि कितने राइटरों को ऐसे मौके मिलते हैं जैसे मुझे मिले हैं। एक नॉवेलिस्ट के तौर पर मैंने 100 से ज्यादा नॉवेल प्रकाशित किए हैं। ‘कमांडर करण सक्सेना’ मेरी सबसे मशहूर रचनाओं में से एक है।”

उन्होंने आगे बताया, “मेरी एक और बेहद लोकप्रिय किताब ‘रीटा सान्याल’ रही है, जिसकी कहानी को डिज्नी+ हॉटस्टार पर वेब सीरीज के रूप में स्ट्रीम किया गया। इस शो में अभिनेत्री अदा शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। वहीं, मेरी किताब पर आधारित दिव्येंदु शर्मा स्टारर सीरीज ‘बिच्छू का खेल’ भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बड़ी हिट साबित हुई।”

मुंबई आने के शुरुआती दिनों को याद करते हुए अमित खान ने बताया कि यहां पहुंचने के कुछ ही समय बाद उन्हें ‘देवगन फिल्म्स’ के साथ एक प्रोजेक्ट साइन करने का मौका मिला था। हालांकि, वह फिल्म किन्हीं कारणों से कभी बन नहीं पाई, लेकिन उस अवसर की वजह से उनकी कई बड़े और प्रभावशाली लोगों से जान-पहचान हो गई। इसके बाद उन्होंने सुनील शेट्टी, सनी देओल और शिल्पा शेट्टी जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘कर्ज : द बर्डन ऑफ ट्रुथ’ के लिए लेखन का काम किया। यहीं से उनके स्क्रीनप्ले और डायलॉग राइटिंग के सफर की वास्तविक शुरुआत हुई।