नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। बकरीद (ईद-उल-जुहा) की छुट्टी की तारीख में बदलाव को देखते हुए 28 मई को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
एनटीए द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा गया है कि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 22 मई के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी की तारीख में बदलाव किया गया है। इसी के मद्देनजर 28 मई को दोनों शिफ्ट में आयोजित होने वाली सीयूईटी (यूजी) 2026 परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है।
एनटीए ने बताया कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट और सीयूईटी की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार एनटीए हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल के जरिए भी अपनी समस्या भेज सकते हैं।
वहीं इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रद्द की गई नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी बैंक डिटेल जमा कर परीक्षा शुल्क का रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।
एनटीए की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, नीट-यूजी 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर रिफंड का विकल्प सक्रिय कर दिया गया है। परीक्षा के लिए पंजीकरण कराने वाले उम्मीदवार अपने एप्लिकेशन क्रेडेंशियल्स के जरिए लॉगिन कर रिफंड लिंक पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
रिफंड पाने के लिए उम्मीदवारों को बैंक खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी देनी होगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक डिटेल जमा करने के बाद उसमें किसी तरह का बदलाव या सुधार नहीं किया जा सकेगा। इसलिए उम्मीदवारों को सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।
रिफंड प्रक्रिया के लिए बैंक डिटेल जमा करने की अंतिम तारीख 27 मई रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है।

