Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल बालबर्नी का शतक बेकार, आयरलैंड को 42 रन से हराकर अफगानिस्तान ने...

बालबर्नी का शतक बेकार, आयरलैंड को 42 रन से हराकर अफगानिस्तान ने वनडे सीरीज पर जमाया कब्जा

0
5

बेलफास्ट, 12 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने बुधवार को सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले को 42 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने सीरीज पर 3-1 से अपना कब्जा जमा लिया है।

सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था, जिसके बाद अगले मुकाबले को अफगानिस्तान ने 92 रन से अपने नाम किया। सीरीज का तीसरा मैच अफगानिस्तान ने 3 विकेट से जीता और फिर अगले मुकाबले को अपने पक्ष में करते हुए सीरीज पर कब्जा जमा लिया। सीरीज का अंतिम मैच 14 अगस्त को इसी मैदान पर आयोजित होगा।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने 9 विकेट खोकर 343 रन बनाए। इस टीम ने 16 के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज (12) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद सेदीकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ दूसरे विकेट के लिए 220 गेंदों में 231 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 247 के स्कोर तक पहुंचाया।

इब्राहिम 118 गेंदों में 12 बाउंड्री के साथ 107 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सेदीकुल्लाह ने 120 गेंदों में 4 छक्कों और 17 चौकों के साथ 143 रन की पारी खेली। इनके अलावा, दरविश रसूली ने टीम के खाते में 24 रन जुटाए। विपक्षी खेमे से बायरन मैकडोनो ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मार्क एडेर और गैविन होए ने 2-2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में आयरलैंड 48 ओवरों में 301 रन पर सिमट गई। कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने एंड्रयू बालबर्नी के साथ पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभली हुई शुरुआत दिलाई। स्टर्लिंग 27 रन बनाकर आउट हुए। 53 के स्कोर पर मेजबान देश ने केड कारमाइकल (5) का विकेट भी गंवा दिया।

यहां से बालबर्नी ने हैरी टेक्टर (34) के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। इसके अलावा, बालबर्नी ने कर्टिस कैंपर के साथ पांचवें विकेट के लिए 57 गेंदों में 73 रन जोड़े। कर्टिस 46 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों के साथ 84 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बालबर्नी ने 119 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 109 रन की पारी खेली।

अफगान खेमे से यामीन अहमदजई ने 71 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि राशिद खान ने 3 विकेट झटके। अजमतुल्लाह ओमरजई को 2 विकेट हाथ लगे। एक विकेट एएम गजनफर ने निकाला।