Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल बल्लेबाजों का फिर निराशाजनक प्रदर्शन, इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहली बार...

बल्लेबाजों का फिर निराशाजनक प्रदर्शन, इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहली बार जीती टी20 सीरीज

0
5

ब्रिस्टल, 10 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को चौथे टी20 इंटनरेशनल मुकाबले में 9 विकेट से रौंदा। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ पहली बार द्विपक्षीय सीरीज (दो या उससे अधिक मैच) जीती है।

इससे पहले, भारत और इंग्लैंड के बीच छह द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थी, जिसमें से पांच टीम इंडिया ने जीती थी, जबकि एक सीरीज का अंत 1-1 की बराबरी पर हुआ था। आयरलैंड के बाद भारत को अब इंग्लैंड के खिलाफ भी सीरीज गंवानी पड़ी है। टीम इंडिया को आखिरी बार लगातार दो द्विपक्षीय सीरीज में हार का सामना साल 2019 में करना पड़ा था, जहां न्यूजीलैंड और फिर ऑस्ट्रेलिया ने टीम को शिकस्त दी थी।

चौथे टी20 मुकाबले में भी भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 158 रन ही लगा सकी। टीम की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 80 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

वैभव सूर्यवंशी फिर फ्लॉप रहे और महज 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अभिषेक शर्मा 16 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने। ईशान किशन का बल्ला फिर खामोश रहा और वह 4 रन ही बना सके। शिवम दुबे 23 गेंदों में 22 रन बनाकर विल जैक्स की गेंद पर टॉम बैंटन को कैच देकर पवेलियन लौटे। तिलक वर्मा महज 11 रन ही बना सका, तो वॉशिंगटन सुंदर ने 5 रन बनाए। अक्षर पटेल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए।

इंग्लैंड ने 159 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लिश टीम की ओर से फिल साल्ट 42 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक ने महज 35 गेंदों में 79 रनों की तूफानी पारी खेली। ब्रूक ने अपनी इस पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, जोस बटलर सिर्फ 8 रन ही बना सके।