बंगाल चुनाव में महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में किया मतदान: संजय निरुपम

0
3

मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग पर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि जिस तरह पहले चरण में भारी मतदान हुआ था, उसी तरह दूसरे चरण में भी बड़े पैमाने पर वोटिंग हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

मुंबई में शिवसेना नेता संजय निरुपम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि सीएम ममता बनर्जी को हराने के लिए जनता ने मतदान किया है।

उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को गिराए जाने के बाद विपक्ष ने जिस तरह जश्न मनाया, उसे पूरे देश की महिलाओं ने देखा, इसमें पश्चिम बंगाल की महिलाएं भी थीं। जिस तरह से मतदान हो रहा है, उससे एक चीज तो साफ है कि बंगाल की महिलाएं भाजपा के पक्ष में नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि भारी मतदान भाजपा के पक्ष में संकेत दे रहा है और पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

मीरा रोड की घटना को शिवसेना नेता संजय निरुपम ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ऐसा प्रतीत होता है कि उग्र तत्वों का एक नेटवर्क तैयार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में हमलावर ने सिक्योरिटी गार्ड से कलमा पढ़ने के लिए कहा और न पढ़ पाने पर उस पर हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए और इसके पीछे के मास्टरमाइंड तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाकर उसे समाप्त किया जाना चाहिए।

दूसरी ओर, रानाघाट उत्तर-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पार्थ चटर्जी ने कहा कि लोग बहुत उत्साहित हैं और उन्होंने एक उत्सव की तरह मतदान किया। लंबे समय बाद लोगों को यह अवसर मिला है। लगभग 50 वर्षों तक वे ऐसा नहीं कर पाए थे। हमारे राज्य में पहले इस तरह से मतदान नहीं होता था। सबसे पहले, मैं चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहूंगा। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ है। वोटर भी वोट देकर काफी खुश हैं।