Tuesday, July 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बांकीपुर उपचुनाव में व्यापारी वर्ग का एनडीए को समर्थन, संजय सरावगी बोले-विकास...

बांकीपुर उपचुनाव में व्यापारी वर्ग का एनडीए को समर्थन, संजय सरावगी बोले-विकास के नाम पर मिलेगी ऐतिहासिक जीत

0
9

पटना, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को पटना के न्यू डाकबंगला रोड स्थित बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन भवन में व्यवसायिक वर्ग एवं सम्मानित नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के पक्ष में मतदान करेगी तथा एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएगी।

संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर हमेशा विकास की राजनीति का केंद्र रहा है और यहां का व्यापारी वर्ग स्थिर एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तथा बिहार में एनडीए सरकार के कार्यकाल में व्यापार, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इसी कारण समाज का प्रत्येक वर्ग एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने व्यवसायियों और सम्मानित नागरिकों से 30 जुलाई को होने वाले मतदान में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास, सुशासन और बिहार के उज्ज्वल भविष्य को आगे बढ़ाने का अवसर है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में हैं। भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक समन्वय बनाकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं।

उन्होंने दावा किया कि गठबंधन की यह एकजुटता विपक्ष के दुष्प्रचार पर भारी पड़ेगी और बांकीपुर में एनडीए की रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करेगी। सम्मेलन में जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक एवं विधायक राणा रणधीर सिंह, बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यवसायिक वर्ग के प्रतिनिधि और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

संजय सरावगी ने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जागरूक जनता विकास और विश्वास की राजनीति को समर्थन देते हुए एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएगी और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम