बंतलाब पुल हादसा: 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख

0
6

जम्मू, 2 मई (आईएएनएस)। जम्मू के बंतलाब इलाके में बन रहा एक पुल अचानक गिर गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। साथ ही, जिला प्रशासन को यह निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।

उपराज्यपाल कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एलजी के हवाले से एक पोस्ट में लिखा, “जम्मू के बंतलाब में पुल गिरने से हुई जान-माल की हानि से मैं अत्यंत दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।”

इससे पहले, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुक जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, मुख्यमंत्री ने घटना के कारणों का पता लगाने और जवाबदेही तय करने के लिए गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि जम्मू के बंतलाब इलाके में शुक्रवार को निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे कई मजदूर फंस गए थे, जिनमें से तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, जैसे ही पुल का हिस्सा गिरा, वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय प्रशासन भी राहत कार्य में जुटा। बताया जा रहा है कि पिछले साल आई बाढ़ में इस पुल की दीवार को नुकसान पहुंचा था और उसकी मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।