SGSU Advertisement
Home मनोरंजन बप्पा के आशीर्वाद से शुरू हुआ ‘रामायण’ का म्यूजिकल सफर, रिलीज हुआ...

बप्पा के आशीर्वाद से शुरू हुआ ‘रामायण’ का म्यूजिकल सफर, रिलीज हुआ गीत ‘जय जय राम’

0
4

मुंबई, 14 सितंबर (आईएएनएस)। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक गाथा ‘रामायण: पार्ट 1’ का गीत ‘जय जय राम’ मेकर्स ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर रिलीज कर दिया है। यह गीत एक तरह की आरती है, जो स्पिरिचुअल एसेंस को एक सिनेमाई गाने के इमोशन के साथ मिलाता है।

भगवान गणेश के आशीर्वाद के साथ फिल्म के म्यूजिकल सफर की शुरुआत हो गई है। श्री राम की आत्मा से भरी प्रार्थना है ‘जय जय राम’ – यह गाना आरती की भक्ति और फिल्मी गाने की खूबसूरती को एक साथ जोड़ता है। इसके बोल श्री राम की करुणा, रक्षा और धर्म के प्रति निष्ठा को दर्शाते हैं, जबकि बार-बार दोहराया जाने वाला ‘जय जय राम’ इस गाने को भक्तिमय बनाता है।

गीत ‘जय जय राम’ रामायण का पहला म्यूजिकल सफर है, जो प्रभु श्री राम को समर्पित है। ए.आर. रहमान द्वारा कंपोज किया गया, डॉ. कुमार विश्वास द्वारा लिखा गया और अरिजीत सिंह व श्रेया घोषाल द्वारा गाया गया ‘जय जय राम’ आरती की आध्यात्मिकता और सिनेमाई गाने के जज्बात का संगम है।

यह गाना रामायण के ट्रेलर को मिले ग्लोबल रिस्पॉन्स के बाद आया है, जिसने छह दिनों में सभी प्लेटफॉर्म पर एक बिलियन डिजिटल व्यूज पार कर लिए हैं। नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी रामायण में रणबीर कपूर श्री राम, साईं पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में हैं।

नमित मल्होत्रा ​​के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार के एकेडमी अवॉर्ड विनिंग डीएनईजी और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर इसे प्रोड्यूस किया है और सोनी पिक्चर्स ने इसे दुनिया भर में (भारत को छोड़कर) डिस्ट्रीब्यूट किया है। रामायण पार्ट वन इस दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

नितेश तिवारी की फिल्म का लेखन अवॉर्ड विनिंग लेखक श्रीधर राघवन ने किया है, जबकि इसका संगीत म्यूजिक ऑस्कर विनर हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने मिलकर बनाया है। इस फिल्म में कई क्षेत्रों के कलाकारों का अब तक का सबसे बड़ा साथ देखने को मिलेगा।

फिल्म के एक्शन दृश्यों की जिम्मेदारी टेरी नोटरी और गाय नॉरिस संभाल रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी रैम्से एवरी और रवि बंसल ने संभाली है। इसके अलावा दुनिया भर के हजारों कलाकार, डिजाइनर और तकनीकी विशेषज्ञ भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।

एक्शन-एडवेंचर प्रोजेक्ट फिल्म ‘रामायण’ का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट करेगी।