Tuesday, June 2, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बस्तर में लौट रही शांति, विकास को तेज करने में जुटी सरकार...

बस्तर में लौट रही शांति, विकास को तेज करने में जुटी सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0
1

सुकमा, 2 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य के तीनों जिलों के दौर पर रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

सीएम ने कहा है कि कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब विकास और शांति की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। सुकमा दौरे के दौरान उन्होंने बताया कि सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने, किसानों को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारी लोगों की मदद के लिए एक-एक पंचायत में दो-दो दिन जा रहे हैं। समीक्षा बैठक में भी इस पर चर्चा हुई है। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, अधिकारी वहां रुक रहे हैं। इस क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नक्सलियों के कारण कुछ क्षेत्र विकास में पीछे रह गए। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राज्य सरकार इसको लेकर चिंतित है। हम तेजी से विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। हमारा ध्यान खेती पर अधिक रहेगा, क्योंकि इस क्षेत्र के अधिकतर लोग खेती पर निर्भर हैं। सिंचाई और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था करने पर हमारा जोर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में कई योजनाओं को मंजूरी दी गई है। महिलाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की हम ‘बस्तर’ के नाम से ब्रांडिंग करने वाले हैं। कई दीदियां लखपति बन रही हैं। राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर समीक्षा बैठक में चर्चा हुई है और इसमें तेजी लाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति के बावजूद किसानों के लिए बीज और खाद की कोई कमी नहीं है। डीएपी को लेकर कुछ समस्या हो सकती है। इसके विकल्प के रूप में नैनो डीएपी जैसे उर्वरकों पर हमारा ध्यान केंद्रित है।

बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तीन जिलों के दौरे पर थे। 1 जून को उन्होंने दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक की थी और विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अधोसंरचना विकास पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शासन का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। ‘बस्तर मुन्ने’ एवं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की समीक्षा करते हुए वनांचल क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।