लाहौर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी पर सख्त कार्रवाई करते हुए दो साल का बैन लगा दिया है। मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की शुरुआत से ठीक पहले टूर्नामेंट को छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए खेलने का फैसला किया था।
29 साल के इस खिलाड़ी को शुरुआत में आईपीएल और पीएसएल दोनों में ही किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। हालांकि, बाद में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर साइन किया था, लेकिन उन्होंने टीम को छोड़ते हुए आईपीएल में खेलने का फैसला किया। आईपीएल में उन्हें मुस्तफिजुर रहमान की जगह केकेआर ने अपनी टीम में शामिल किया था।
बीसीसीआई के निर्देशों और कुछ बाहरी घटनाक्रमों के चलते केकेआर ने मुस्तफिजुर को रिलीज किया था। केकेआर के मुजरबानी को साइन करने की पुष्टि करने के बाद वह जल्द ही टीम से जुड़ गए थे।
पीसीबी ने एक बयान में कहा, “गहन अनुशासनात्मक समीक्षा के बाद पीसीबी ने घोषणा की है कि जिम्बाब्वे के क्रिकेटर ब्लेसिंग मुजरबानी को पीएसएल के अगले दो सीजन में खेलने के लिए अयोग्य घोषित किया जाता है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। बिना किसी ठोस वजह के इस तरह की प्रतिबद्धताओं से पीछे हटने की कोशिश करना, अनुबंध संबंधी दायित्वों और वैश्विक पेशेवर खेलों को नियंत्रित करने वाले सद्भावना के सिद्धांतों का उल्लंघन है।”
पीसीबी ने पिछले साल कॉर्बिन बॉश पर भी एक साल का बैन लगाया था। बोर्ड का मानना है कि पीएसएल के पेशेवर माहौल को सुरक्षित रखने के लिए यह सजा जरूरी थी। यह सजा पीएसएल के पेशेवर माहौल को सुरक्षित रखने के लिए एक जरूरी कदम है। पीएसएल यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि यह लीग एक ऐसा प्लेटफॉर्म बना रहे, जहां अनुबंध की निश्चितता का सम्मान किया जाए और जहां सभी खिलाड़ियों और एजेंटों के कार्य इस टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा के अनुरूप हों।
मुजरबानी ने आईपीएल 2026 में केकेआर की तरफ से अब तक कुल 2 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान 4 विकेट चटकाए हैं। मुजरबानी के अलावा, स्पेंसर जॉनसन और दासुन शनाका भी दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस सीजन में आईपीएल का हिस्सा बनने के लिए अपने नाम पीएसएल से वापस ले लिए थे। हालांकि, इस समय तक उनके लिए किसी सजा की घोषणा नहीं की गई है।

