नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, बीईएल ने प्रोबेशनरी इंजीनियर के विभिन्न 350 पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
बीईएल की ओर से जारी 350 रिक्तियों में प्रोबेशनरी इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स), ई-II ग्रेड के 200 और प्रोबेशनरी इंजीनियर (मैकेनिकल), ई-II ग्रेड के 150 पद शामिल हैं।
प्रोबेशनरी इंजीनियर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर के दोपहर 2 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन पोर्टल सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोबेशनरी इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स), ई-II ग्रेड के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन/कम्युनिकेशन/टेलीकम्युनिकेशन में बीई/बीटेक/बीएससी (4 वर्ष) इंजीनियरिंग ग्रेजुएट और प्रोबेशनरी इंजीनियर (मैकेनिकल), ई-II ग्रेड के लिए बीई/बीटेक/बीएससी (4 वर्ष) मैकेनिकल में इंजीनियरिंग ग्रेजुएट होने चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी (एनसीएल) के लिए 1,180 रुपए तय की गई है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईएसएम श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
