नदिया, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कल्याणी विधानसभा क्षेत्र की सड़कें सोमवार को ‘वंदे मातरम, भारत मां, जयश्रीराम, हिंदू सम्राट, बुलडोजर बाबा’ के जयकारों से गूंज उठीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां भाजपा उम्मीदवार अनुपम विश्वास के लिए चुनावी रथ पर रोड-शो करने निकले तो जैसे जनसमुद्र उमड़ पड़ा।
बंगाल में ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से पुकारे जा रहे सीएम योगी ने भी सड़कों पर उमड़े लोगों पर बीच-बीच में पुष्पवर्षा की। सीएम योगी के साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्य़क्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या भी उपस्थित रहे। सीएम योगी के रथ के आगे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, मां सीता, लक्ष्मण व संकटमोचन हनुमान के वेष में कलाकार चल रहे थे। आध्यात्मिक धरा पर इस वेशभूषा में कलाकारों को देख हर कोई उनके प्रति श्रद्धा निवेदित करता रहा।
सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जयश्रीराम का उद्घोष करते दिखे।
सीएम योगी ने भी आश्वस्त किया कि 4 मई के बाद बंगाल में माफियाराज समाप्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने बंगाल के मतदाताओं से संवाद स्थापित करते हुए रोड शो में उमड़ी भीड़ का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आपका उत्साह बता रहा है कि बंगाल टेरर, माफियाराज और कटमनी की सरकार से मुक्ति पाएगा। 23 अप्रैल को प्रथम चरण के मतदान के रुझान बताते हैं कि बंगाल में डबल इंजन की भाजपा सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता दीदी गुमराह करती थीं, लेकिन मैं कह रहा हूं कि अब बंगाल में खेला शेष, उन्नयन शुरू। बंगाल को फिर से उन्नयन-विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए 4 मई को पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार आएगी। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने माफिया, करप्शन को समाप्त किया और जो बचा था, उसे बुलडोजर ने पूरा किया। भाजपा सरकार आने के बाद बंगाल में भी माफियाराज समाप्त होगा। आमार सोनार बांग्ला, अब टीएमसी मुक्तो बांग्ला बनेगा।

