Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन बंगाल के रुझानों से गदगद हुआ बॉलीवुड, हेमा मालिनी बोलीं- ‘लोकतंत्र की...

बंगाल के रुझानों से गदगद हुआ बॉलीवुड, हेमा मालिनी बोलीं- ‘लोकतंत्र की जीत’, मुंतशिर ने दी ‘भगवा शुभकामनाएं’

0
31

मुंबई, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मजबूत प्रदर्शन से देशभर में उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मनोरंजन जगत के सितारे भी अपनी खुशी जाहिर करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। अभिनेत्री हेमा मालिनी, फिल्म निर्देशक अशोक पंडित और प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंंतशिर ने बीजेपी की इस सफलता पर खुशी जाहिर की।

अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने इंस्टाग्राम पर बीजेपी के झंडे की तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने इस पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “बंगाल में बीजेपी की जीत से मैं बेहद खुश हूं। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी की योजना और कड़ी मेहनत आखिरकार सफल रही। मुझे गर्व है कि मैं इस चुनाव प्रचार का हिस्सा रही, जिसकी वजह से बीजेपी ने टीएमसी के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की। यह जनता की जागरूकता से मिली लोकतंत्र की बड़ी जीत है। इस ऐतिहासिक चुनाव में जीतने वाले सभी लोगों को मेरी हार्दिक बधाई।”

मशहूर गीतकार मनोज मुंतिशर ने इंस्टाग्राम पर भगवा ध्वज की छोटी वीडियो शेयर करते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, “जनता और ममता की लड़ाई में आज जनता विजयी हुई। बंगाल ने हम पर भरोसा किया और हमारा भगवा ध्वज बंगालियों को वचन देता है कि अब वहां हिंदू सुरक्षित रहेंगे। अब रामनवमी और दुर्गा पूजा के पंडालों पर पत्थर नहीं चलेंगे। सभी बंगाली भाई-बहनों को भगवा शुभकामनाएं। जय हिंदुत्व, जय हिंद।”

फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशी में इंस्टाग्राम के जरिए अपने मन के भाव व्यक्त किए। उन्होंने लिखा, “बंगाल फिर से मजबूत, सुरक्षित और एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है। अब यह सब खत्म होना चाहिए और किसी को भी डर के कारण अपना घर-इलाका छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा। किसी भी तरह की हिंसा या अन्याय नहीं होना चाहिए। कानून-व्यवस्था का पालन सख्ती से किया जाएगा। अब लोग अपने ही घर में डर के बिना रह सकेंगे। बंगाल एक साथ मिलकर मजबूत खड़ा होगा। वहां पर बाहरी हस्तक्षेप या फिर कोई भी विभाजन या अलगाव नहीं होगा। बंगाल केवल भारत के प्रति जवाबदेह रहेगा। वहां पर अब नया मानवता, न्याय और भारतीय मूल्यों का अध्याय शुरू हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता को धन्यवाद, जिन्होंने मेहनत की और इसे संभव बनाया।”