Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ममता बनर्जी के पैसे देकर भीड़ जुटाने के आरोप को अमित शाह...

ममता बनर्जी के पैसे देकर भीड़ जुटाने के आरोप को अमित शाह ने बताया बेबुनियाद, बोले-आप भी किसकी बात सुन रहे हो

0
27

बेहाला, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर होने वाली वोटिंग को लेकर सोमवार शाम चुनाव प्रचार को शोर थम जाएगा। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में बेहाला पश्चिम में आयोजित रोड शो में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि बंगाल के आखिरी चरण का मतदान नया इतिहास बनाएगा। हर एक वोट परिवर्तन की मजबूत नींव रखेगा और बंगाल में कमल खिलेगा। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए इस आरोप पर कि भाजपा अपनी रैलियों में भीड़ बढ़ाने के लिए पैसे देकर बाहरी राज्यों से समर्थक ला रही है, पर प्रतिक्रिया दी।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, “पहले आप रोड शो में इस भीड़ को देखिए, क्या इतनी भीड़ बाहर से आ सकती है? ममता बनर्जी जो आरोप लगा रही हैं, उसमें जरा सी भी सच्चाई नहीं है। उनकी बातों को नहीं सुनना चाहिए।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “क्या यार, आप भी ममता बनर्जी की बात सुन रहे हो।”

दरअसल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 5 अप्रैल को कहा था कि भाजपा अन्य राज्यों से लोगों को लाकर और पैसे देकर रैलियों में भीड़ जुटा रही है, ताकि चल रहे विधानसभा चुनावों को प्रभावित किया जा सके।

चुनाव के दौरान भाजपा-टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत को लेकर अमित शाह ने कहा कि कहीं भिड़ंत नहीं हो रही है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। बंगाल को जो लोग जानते हैं, वे जानते हैं कि पूर्व के चुनावों में कैसे हिंसा होती थी। इस बार शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो रहा है। अमित शाह ने कहा कि हम बंगाल में प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतने जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान संपन्न हो चुका है और वोटिंग प्रतिशत 92 प्रतिशत के पार रहा है। इस दौरान कुछ जगहों पर छिटपुट हिंसा की खबरें भी सामने आई थीं। अब 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान होना है। सोमवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है और इसे देखते हुए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।