बंगाल से हिंसा और फूट डालने की राजनीति का अंत शुरू: खगेन मुर्मु

0
3

कोलकाता, 8 मई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद खगेन मुर्मु ने टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए, लेकिन वह चुनाव हारने के बाद भी इसे स्वीकार नहीं कर रही हैं।

कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत में खगेन मुर्मु ने कहा कि टीएमसी लंबे समय से हिंसा की राजनीति में लिप्त रही है और अशांति का माहौल पैदा करती रही है। ममता बनर्जी के कार्यकाल में भी यही स्थिति बनी रही। चुनाव नतीजों के बाद भी उन्होंने अपनी हार स्वीकार नहीं की है और लगातार कह रही हैं कि वे हारी नहीं हैं तथा इस्तीफा नहीं देंगी।

भाजपा सांसद ने कहा कि कुछ जगहों पर कुछ तत्व भाजपा विरोधी बयान दे रहे हैं, लेकिन लोग अब ऐसी बातों से खुद को दूर कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल का माहौल बदल रहा है। यहां हिंसा और फूट डालने वाली राजनीति धीरे-धीरे खत्म हो रही है।

पश्चिम बंगाल में अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित अधिकांश सीटें जीतने पर खगेन मुर्मू ने कहा कि भाजपा का ध्यान हमेशा आदिवासियों, एससी, एसटी और ओबीसी व अन्य पिछड़े वर्गों के कल्याण पर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इन वर्गों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर काम किया है। यही वजह है कि आदिवासी और पिछड़े समुदाय एकजुट होकर भाजपा के साथ आए हैं।

उन्होंने कहा कि पहले आदिवासी समुदाय कभी कल्पना भी नहीं कर सकता था कि संथाल समुदाय का कोई व्यक्ति भारत का राष्ट्रपति बनेगा।

मुस्लिम समुदाय के बारे में खगेन मुर्मु ने कहा कि मुस्लिम समुदाय अब समझ गया है कि भाजपा उनके खिलाफ नहीं है। पहले यह प्रोपगैंडा फैलाया जाता था कि भाजपा सत्ता में आई तो मुसलमानों को राज्य छोड़कर जाना पड़ेगा। अब यह नैरेटिव टूट रहा है।

सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड मामले में खगेन मुर्मु ने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच होनी चाहिए। भाजपा सत्ता में आने के बाद सीबीआई जांच कराएगी। 9 मई को सरकार बन रही है। फिलहाल पुलिस जांच चल रही है। जो लोग इस हत्या में शामिल हैं, वे कहीं भी छिप नहीं पाएंगे।

वंदे मातरम’ विवाद पर भाजपा सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय गीत पर सवाल उठाने का किसी को अधिकार नहीं है। इसमें इस्लाम-विरोधी कुछ भी नहीं है। यह हमारा राष्ट्रीय गीत है और संसद में हम सभी एक साथ खड़े होकर इसे गाते हैं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा ममता बनर्जी के आवास पर मुलाकात करने पर खगेन मुर्मु ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने राज्य उत्तर प्रदेश पर ध्यान देना चाहिए। बंगाल में जो कुछ हुआ है, उसकी उन्हें क्या समझ है।