मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने सोमवार को सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने विचार शेयर करती रहती हैं। सोमवार को उन्होंने अपने बेटे कृषांग को लेकर एक खास पोस्ट शेयर की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर बेटे कृषांग की सेल्फी लेते हुए तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने ‘बन ठन चली’ गाना भी ऐड किया है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने बेटे के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की। साथ ही, कश्मीरा शाह ने बताया कि उन्होंने ये गाना क्यों चुना।
अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने लिखा, “मेरे बेटे की पहली सेल्फी, सोचा इस पल को दुनिया के साथ शेयर करूं। आमतौर पर उसके पापा कृष्णा अभिषेक और मैं अपने बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखते हैं और उनकी कोई भी तस्वीर कम पोस्ट करते हैं, लेकिन इस बार मैं खुद को रोक नहीं पाई।”
अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने बेटे की तस्वीर के साथ अपना गाना ‘बनठन चली’ ही लगाया है। साथ ही, उन्होंने गाना लगाने के पीछे की वजह भी बताई। कश्मीरा शाह ने लिखा, “मुझे उसकी तस्वीर के साथ अपना गाना ही लगाना था, ताकि जब वह बड़ा होकर इसे देखे तो उसे याद रहे कि उसकी मम्मी ने उसके लिए अपना सबसे कीमती और सबसे ज्यादा ट्रेंड करने वाला गाना लगाया था।”
‘बन ठन चली’ गाना साल 2000 की हिंदी फिल्म ‘कुरुक्षेत्र’ का एक प्रसिद्ध और ऊर्जावान डांस सॉन्ग है, जिसे सुखविंदर सिंह और सुनिधि चौहान ने मिलकर गाया है, जबकि मदन पाल ने इसके लिरिक्स लिखे हैं और सुखविंदर सिंह और हिमेश रेशमिया ने इसका संगीत तैयार किया है। गाने में संजय दत्त, महिमा चौधरी और कश्मीरा शाह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं।
बताया जाता है कि सुनिधि चौहान ने महज 17 साल की उम्र में इस गाने को अपनी तीखी आवाज में गाकर जान डाल दी थी। यह गाना पारंपरिक उत्तर भारतीय और पहाड़ी/लोक संगीत की धुनों पर आधारित है, जिसे आधुनिक बीट्स के साथ बेहतरीन तरीके से मिलाया गया था। रिलीज के दो दशक बाद भी यह गाना इंस्टाग्राम रील्स और सोशल मीडिया पर वायरल रहता है। इस पर कई मशहूर कलाकारों और आम लोगों के डांस वीडियो को लाखों व्यूज मिलते हैं।
अपनी हाई-एनर्जी बीट्स के कारण यह गाना आज भी शादी-पार्टियों और स्टेज परफॉर्मेंस के लिए लोगों की पहली पसंद रहता है।

