नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गई हैं। टी20 विश्व कप से पहले पूरी तरह फिट होना उनके लिए एक बड़ी चुनौती है।
इंग्लैंड टीम प्रबंधन की तरफ से पुष्टि की गई है कि पिंडली में चोट के कारण नैट साइवर-ब्रंट भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गई हैं।
ब्रंट न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल में संपन्न वनडे सीरीज का भी हिस्सा नहीं थीं। उन्हें अप्रैल के आखिर में घरेलू क्रिकेट में ‘द ब्लेज’ की तरफ से खेलते हुए बाईं पिंडली में चोट लगी थी, जिसे शुरू में एक मामूली खिंचाव बताया गया था। हालांकि, इस सप्ताह की शुरुआत में कराए गए नए स्कैन से पता चला कि चोट ठीक होने में ज्यादा समय लगेगा। इस वजह से इंग्लैंड को वर्ल्ड कप की तैयारियों के इस अहम दौर में अपनी सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक के बिना ही आगे बढ़ना होगा।
इंग्लैंड को उम्मीद है कि 33 साल की यह खिलाड़ी 12 जून से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप तक ठीक हो जाएगी।
जनवरी में विमेंस प्रीमियर लीग के बाद से ब्रंट ने सिर्फ दो मैच खेले हैं। उनकी गैरमौजूदगी में, ऑफ-स्पिनर चार्ली डीन टीम की कप्तानी करना जारी रखेंगी। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी की थी। सीरीज 1-1 के बराबर रही थी।
साइवर-ब्रंट पिछले एक साल से फिटनेस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही हैं। पिछले साल गर्मियों के ज्यादातर समय में वह गेंदबाजी नहीं कर पाई थीं। वह लंबे समय से चली आ रही अकिलीज की समस्या से उबर रही थीं। बाद में, साल के आखिर में वनडे विश्व कप के लिए उन्होंने वापसी की थी।
ब्रंट ने 137 टी20 की 131 पारियों में 18 अर्धशतक लगाते हुए 2,960 रन बनाए हैं। ब्रंट के नाम 90 विकेट भी हैं।

