SGSU Advertisement
Home खेल भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने आमिर जांगू को...

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने आमिर जांगू को किया टीम में शामिल

0
3

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज आमिर जांगू को टीम में शामिल किया है। उन्हें ज्वेल एंड्रयू की जगह कवर के तौर पर बुलाया गया है, जो वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे।

शनिवार को न्यू चंडीगढ़ के नए पीसीए स्टेडियम में भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के 36वें ओवर के दौरान नमन धीर का कैच पकड़ते समय एंड्रयू की उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए अस्पताल ले जाया गया। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा, “शनिवार को तीसरे वनडे के दौरान ज्वेल एंड्रयू की उंगली में चोट लगने के बाद विकेटकीपिंग की भूमिका के लिए आमिर जांगू को टीम में शामिल किया गया है। मेडिकल टीम अभी भी एंड्रयू की स्थिति पर नजर रख रही है और उनकी जांच कर रही है।”

ज्वेल एंड्रयू वेस्टइंडीज की ओर से तीसरे वनडे में पारी का आगाज करने भी नहीं उतरे थे। जॉन कैंपबेल के साथ पारी की शुरुआत शाई होप ने की थी। जांगू ने दिसंबर 2024 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद से वेस्टइंडीज के लिए सात टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन मैचों में बल्ले से उनका रिकॉर्ड औसत रहा है। उन्होंने 120.74 के स्ट्राइक रेट से 163 रन बनाए हैं। 29 साल के जांगू ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने नाबाद 58, 114 और 67 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहे। जांगू से आगे सिर्फ शाई होप (278 रन) और शुभमन गिल (334 रन) रहे।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला मंगलवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत-वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से टीम इंडिया ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 10 मुकाबलों में बाजी कैरेबियाई टीम ने मारी है। एक मैच बेनतीजा रहा है।