नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और लोकसभा में विपक्ष के नेता तथा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत रत्न के. कामराज को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उनको श्रद्धांजलि देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “के. कामराज की जयंती पर, मैं एक ऐसे दूरदर्शी नेता को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने तमिलनाडु में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए। कामराज की अग्रणी पहलों, जिनमें मिड-डे मील योजना की शुरुआत और उसका विस्तार शामिल है, ने लाखों बच्चों को स्कूलों तक पहुंचाया और यह सुनिश्चित किया कि शिक्षा समाज के सबसे वंचित वर्गों तक पहुंचे।
राज्यपाल ने आगे लिखा, “स्कूल के बुनियादी ढांचे और शिक्षा तक पहुंच के मामले में उनके दूरगामी सुधारों ने तमिलनाडु की प्रगति और सामाजिक समानता की नींव रखी। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का एक बेहतरीन उदाहरण है। उनके आदर्श हमें एक समावेशी और शिक्षित समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते रहें।”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “भारत रत्न थिरु के. कामराज को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।” उन्होंने आगे लिखा, “एक दूरदर्शी नेता, जिन्होंने अपना जीवन वंचितों के उत्थान और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। सामाजिक न्याय और निस्वार्थ जनसेवा की उनकी विरासत हमेशा याद रखी जाएगी।”
कांग्रेस के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा गया, “मद्रास के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक, के. कामराज को याद करते हुए। शिक्षा और समाज कल्याण के पुरोधा, उन्होंने अपनी दूरदर्शी नीतियों और निस्वार्थ जनसेवा के ज़रिए अनगिनत लोगों का जीवन बदल दिया।”
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की जयंती पर, तमिझागा वेट्ट्री कड़गम (टीवीके) के सदस्यों ने करूर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस सांसद जोथिमनी और टीवीके जिला सचिव वी.पी. मथियाझागन इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की 124वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

