Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भरत तिवारी एनकाउंटर पर पप्पू यादव का हमला, बोले- ‘बिहार में जातीय...

भरत तिवारी एनकाउंटर पर पप्पू यादव का हमला, बोले- ‘बिहार में जातीय उन्माद फैला रही है सरकार’

0
3

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बिहार सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बिहार में जातीय उन्माद करा रही है। पप्पू यादव ने मांग की है कि राज्य में सभी एनकाउंटर की जांच होनी चाहिए। वर्तमान न्यायाधीश के नेतृत्व में सीबीआई जांच होनी चाहिए।

भरत तिवारी मामले पर सांसद पप्पू यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “सरकार और मुख्यमंत्री को पता है कि एनकाउंटर में आरा के एसपी, डीएसपी और थानेदार शामिल नहीं है, बल्कि पुलिस मुख्यालय शामिल है। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर भरत तिवारी का एनकाउंटर हुआ। यह जांच का विषय है कि एसपी को किस-किसका फोन गया था।”

उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या बिहार सरकार संविधान और कानून सभी से ऊपर है। पप्पू यादव ने कहा, “इस एनकाउंटर के विरोध में पूरा बिहार है। नेता, ब्राह्मण समाज और अन्य गरीब लोग कहने लगे हैं कि वे पुलिस से घृणा करेंगे। लोग वर्तमान सरकार को देखना पसंद नहीं कर रहे हैं। एक तरफ ऊंची जात को गाली देना और दूसरी तरफ ओबीसी और दलित को गाली देना, वर्तमान सरकार बिहार में जातीय उन्माद करा रही है।”

राहुल गांधी की आगामी बिहार यात्रा और छात्र सम्मेलन को लेकर पप्पू यादव ने कहा, “अभी करोड़ों छात्रों के भविष्य का मुद्दा है। 8 करोड़ बच्चे हर साल नौकरी के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन नौकरियों महज हजार या सौ लोगों को मिलती हैं। बच्चे नीट की तैयारी करते हैं, लेकिन उसकी परीक्षा स्थगित हो जाती है। इसलिए राहुल गांधी का कार्यक्रम तय है।”

उन्होंने आगे कहा, “राहुल गांधी देश के बेरोजगार युवाओं की आवाज हैं। आज वे छात्रों के भविष्य के लिए दौरों पर निकल रहे हैं।”

इस दौरान, पप्पू यादव ने राम मंदिर दान प्रकरण पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जो राम को लाए हैं, वही राम को खा रहे हैं। इतने दिनों से चढ़ावे का गबन हो रहा था। इससे स्पष्ट है कि यह संगठित अपराध है। मामले में एफआईआर काफी देरी से हुई है और उसमें सभी बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की गई है।”