SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय उत्तराखंड में भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ जारी, पर्वतीय युद्ध...

उत्तराखंड में भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ जारी, पर्वतीय युद्ध कौशल पर विशेष जोर

0
6

चौबटिया (उत्तराखंड), 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ उत्तराखंड के चौबटिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में पूरे उत्साह के साथ जारी है। 5 अक्टूबर से शुरू हुआ यह 14 दिवसीय सैन्य अभ्यास 18 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस अभ्यास में भारतीय सेना और यूएई सेना के कुल 92 सैनिक भाग ले रहे हैं, जिनमें दोनों देशों का समान प्रतिनिधित्व है।

भारतीय सेना की ओर से भैरव बटालियन के जवान हिस्सा ले रहे हैं, जबकि यूएई सेना का दल एक माउंटेन इन्फैंट्री बटालियन के सैनिकों से मिलकर बना है। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य अभियानों की क्षमता बढ़ाना, आपसी तालमेल मजबूत करना और आधुनिक युद्ध तकनीकों का आदान-प्रदान करना है।

अभ्यास के प्रारंभिक चरण में दोनों देशों के सैनिकों ने कई चुनौतीपूर्ण और संचालन-केंद्रित गतिविधियों में संयुक्त रूप से प्रशिक्षण लिया। इनमें शारीरिक प्रशिक्षण, जिउ-जित्सु, रिफ्लेक्स शूटिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, फॉक्स-लाइन प्रशिक्षण, स्लिथरिंग, दिन और रात में फायरिंग अभ्यास तथा विशेष पर्वतीय युद्धक प्रशिक्षण शामिल हैं।

अभ्यास के अगले चरणों में दोनों सेनाएं संयुक्त योजना निर्माण, सामरिक अभ्यास, निगरानी ग्रिड की स्थापना, ड्रोन संचालन, बाधा प्रशिक्षण और एकीकृत फील्ड एक्सरसाइज का अभ्यास करेंगी। इस दौरान कठिन पर्वतीय भूभाग में तकनीक आधारित सैन्य अभियानों पर विशेष जोर दिया जाएगा।

रक्षा अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त प्रशिक्षण से दोनों सेनाओं के बीच संचालन क्षमता, सामरिक दक्षता और आपसी समन्वय में वृद्धि हो रही है। साथ ही सैनिकों को पर्वतीय युद्ध से जुड़े पेशेवर अनुभवों और सर्वोत्तम सैन्य प्रक्रियाओं को साझा करने का अवसर भी मिल रहा है।

भारत और यूएई के बीच बढ़ते रक्षा संबंधों के तहत आयोजित यह अभ्यास दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग, आपसी विश्वास और पेशेवर संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।