भारतीय नौसेना ने नीदरलैंड नेवी के साथ किया संयुक्त सैन्य अभ्यास

0
3

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का आईएनएस शारदा और नीदरलैंड की रॉयल नेवी का युद्धपोत एचएनएलएमएस डे रूयटर भारतीय समुद्री क्षेत्र में एक साथ नजर आए। दोनों देशों की नौसेनाओं ने मिलकर यहां एक महत्वपूर्ण समुद्री सैन्य अभ्यास को अंजाम दिया।

नौसेना के मुताबिक ने 7 मई को कोच्चि तट के पास नीदरलैंड की रॉयल नेवी के युद्धपोत के साथ समुद्री पैसेज एक्सरसाइज की गई। पैसेज एक्सरसाइज एक संयुक्त नौसैनिक अभ्यास होता है। दो मित्र देशों के युद्धपोत समुद्र में एक-दूसरे के साथ संचालन कर रहे हों या किसी बंदरगाह यात्रा के दौरान मुख्यत: यह समुद्री अभ्यास किया जाता है।

रॉयल नीदरलैंड नौसेना के उप कमांडर उनके साथ नीदरलैंड का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत यात्रा पर आया था। इस प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय नौसेना की दक्षिणी नौसैनिक कमान की यात्रा की। यात्रा के समापन के रूप में यह समुद्री अभ्यास आयोजित किया गया। इस संयुक्त अभ्यास के दौरान दोनों नौसेनाओं ने कई महत्वपूर्ण संचालन गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इसमें सामरिक युद्धाभ्यास, संचार समन्वय अभ्यास, हेलीकॉप्टर एवं उड़ान संचालन से जुड़े अभ्यास तथा पारंपरिक ‘स्टीम पास्ट’ शामिल रहे।

इन गतिविधियों के माध्यम से दोनों देशों की नौसेनाओं को एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने और श्रेष्ठ अनुभव साझा करने का अवसर मिला। अभ्यास का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाना तथा हिंद महासागर क्षेत्र में साझा रणनीतिक समन्वय बढ़ाना था। इस दौरान दोनों पक्षों ने समुद्री चुनौतियों से निपटने, मानवीय सहायता, आपदा राहत और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

भारतीय नौसेना का कहना है कि यह अभ्यास भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ती समुद्री साझेदारी का महत्वपूर्ण प्रतीक है। साथ ही इससे क्षेत्र में भारत की विश्वसनीय और प्रमुख सुरक्षा साझेदार की भूमिका भी और मजबूत हुई है। दरअसल रॉयल नीदरलैंड की नौसेना का युद्धपोत एचएनएलएमएस डी रूयटर (एफ804) बीते सप्ताह भारत पहुंचा था।

नीदरलैंड्स का यह युद्धपोत डी जेवेन प्रोविन्सियन श्रेणी का अत्याधुनिक फ्रिगेट है। इस युद्धपोत ने भारत के कोच्चि स्थित समुद्र तट पर प्रवेश किया था। इस जहाज के आगमन के साथ ही रॉयल नीदरलैंड नौसेना के उप कमांडर मेजर जनरल (रॉयल मरीन्स) रॉब डी विट भी कोच्चि का दौरा कर रहे थे। कोच्चि बंदरगाह पर पहुंचने पर भारतीय नौसेना के फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट द्वारा नीदरलैंड नौसेना के युद्धपोत को एस्कॉर्ट किया गया था।

इस मौके पर भारतीय नौसैनिक बैंड के साथ नीदरलैंड के अधिकारियों व युद्धपोत का औपचारिक स्वागत किया गया। गौरतलब है कि नीदरलैंड का यह युद्धपोत वर्तमान में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में पांच महीने की लंबी तैनाती पर है।