Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय भीषण आग से सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख, सिलेंडर ब्लास्ट होने से मचा...

भीषण आग से सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख, सिलेंडर ब्लास्ट होने से मचा हड़कंप

0
21

गाजियाबाद, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसने देखते ही देखते सैकड़ों झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी भयानक थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर से भी साफ तौर पर देखा जा सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस क्षेत्र में आग लगी वहां लगभग 500 झुग्गी-झोपड़ियां मौजूद थीं। आग लगने के बाद लगातार गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। लोग अपने घरों से जरूरी सामान और गैस सिलेंडर लेकर बाहर निकलते दिखाई दिए।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में पूरा इलाका धुएं और आग की चादर में लिपट गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नोएडा से भी अतिरिक्त दमकल 5 गाड़ियों को बुलाया। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और आसपास के घरों को एहतियातन खाली कराया जा रहा है ताकि किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 150 से अधिक झुग्गियों में आग लगने की पुष्टि हुई है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां कबाड़ का काम किया जाता था और वहीं काम करने वाले लोग झुग्गियां बनाकर रहते थे।

फिलहाल, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। हालांकि, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और यदि किसी के लापता होने की सूचना मिलती है तो तत्काल सर्वे कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।